भिवानी। शहर की ऑटो मार्केट स्थित एक बॉडी मेकर शॉप पर खड़ी पिकअप के टायर निकालकर खुद की गाड़ी में डालकर ले जाने की फिराक में चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। घटना बीती देर रात डेढ़ बजे की है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तम नगर लोहारू रोड निवासी संदीप ने बताया कि उसकी ऑटो मार्केट में विश्वकर्मा बॉडी मेकर की दुकान है। देर रात करीब डेढ़ बजे चार युवक एक अप्लाइड फॉर नई पिकअप डाला लेकर आए। जिन्होंने उसकी दुकान के आगे शेड के नीचे खड़ी पिकअप गाड़ी के तीन टायर चोरी कर लिए और पास में ही खड़ी टाटा गाड़ी की बैटरी उताकर अपनी गाड़ी में डालने लगे। इसी दौरान उसकी दुकान के पड़ोसी विजय कुमार व जोगेंद्र शर्मा ने इन युवकों को चोरी कर अपनी पिकअप गाड़ी में टायर और बैटरी डालते हुए देख लिया तो आरोपी युवक हड़बड़ाहट में अपनी गाड़ी को भी मौके पर ही छोडक़र भाग खड़े हुए। सूचना पर संदीप मौके पर पहुंचा और फिर मामलेे की शिकायत अनाज मंडी पुलिस चौकी में दी गई। अनाज मंडी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने तुरंत इस मामले में तत्परता से कदम उठाते हुए चारों आरोपी युवकों को देवीलाल चौक के समीप धर-दबोचा और उनकी पिकअप गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस पूछताछ में चारों आरोपियों पानीपत के ढार निवासी साहिल, विजय, शशी व कुटानी रोड पानीपत निवासी दीपक के रूप में पहचान हुई। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी।