अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बाइक चोर गिरोह के तीसरे आरोपी कबाड़ी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार चोरी की बाइक भी बरामद की हैं। वहीं, बाइक चोरी के दो आरोपी पहले ही रिमांड पर चल रहे हैं। पुलिस फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदात के खुलासे भी हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सिविल लाइन पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के आरोपी मोनू व चंद्रेश को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की दो बाइक भी बरामद की थी। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ की तो सामने आया कि जमालपुर निवासी कबाड़ी नरेश से उन्होंने कर्जा लिया था। कर्जा उतारने के लिए नरेश बाइक चोरी करने के लिए कहा था। बाइक चोरी करने के बाद वे उसे नरेश को देते थे। नरेश बाइक को काटकर बेच देता था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कबाड़ी नरेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की चार बाइक बरामद की है। आरोपी को कोर्ट में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। पुलिस फरार चल रहे चौथे आरोपी बॉबी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।