अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। धनाना गांव में रंजिश में दो चचेरे भाइयों पर रात करीब सवा 10 बजे बाइक पर आए तीन युवकों ने गोलियां दागी। एक युवक की बाजू और छाती में लगी तो दूसरे युवक की जांघ पर गोली लगी। दोनों को अस्पताल लाया गया जहां एक की हालत गंभीर होने के चलते परिजन हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की।
धनाना गांव में रविवार रात 10 बजे लाखनढोला की परस के पास से गुजर रहे दो चचेरे भाइयों अनूप योगी और संजीव पर पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों ने गोलियां बरसाई। अनूप को दो गोलियां लगी। एक छाती के साइड वाले और दूसरी बाजू में जबकि संजीव को जांघ पर गोली। गोलियां बरसाकर बाइक सवार तीनों युवक फरार हो गए। परिजन दोनों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए जहां अनूप की हालत गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। परिजन उसे रोहतक ले जाने की बजाय हिसार के एक अस्पताल में ले गए। घायल संजीव ने बताया कि वे दोनों सुरेंद्र नंबरदार के घर बैठे थे। वहां से निकलने के बाद जब वे घर जा रहे थे तो लाखनढोला की परस के पास पहुंचे थे कि पीछे से बाइक पर तीन युवक आए जिन्होंने गोलियां बरसाई। परिजन बलजीत सिंह ने बताया कि अभी नहीं कह सकते कि गोली चलाने वाले कौन थे।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस गांव में पहुंची। एक टीम अस्पताल में घायलों के पास पहुंची। पुलिस ने गांव के बाहर नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश भी की मगर कोई सुराग नहीं लग पाया।
मामले में पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि दो युवकों को गोली लगी है। अभी घायलों के बयान नहीं हो पाए हैं और पुलिस गांव में मौके पर गई हुई है। जल्द ही घायलों के बयान दर्ज कर आरोपियों को पकड़ा जाएगा।