अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बंटी मर्डर केस में रिमांड पूरा होने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संपत नेहरा को कोर्ट में पेश किया। अब सिटी पुलिस ने संपत नेहरा को रोहित केस में दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। सिटी पुलिस अब रोहित केस में संपत नेहरा से राज उगलवाएगी। संपत नेहरा से पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ कर रही है।
बता दें कि हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स ने संपत नेहरा को हैदराबद से गिरफ्तार किया था। इसके बाद भिवानी सिविल लाइन पुलिस ने नरेंद्र उर्फ बंटी मास्टर मर्डर मामले में प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ था जिसमें उसने बंटी मास्टर मर्डर से जुड़े खुलासे किए थे। इस दौरान संपत ने रोहित गोयल को गोली मारने का भी खुलासा किया था। पुलिस ने वीरवार को तीन दिन का रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश किया जहां से सिटी पुलिस ने रोहित केस में पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। थाना शहर पुलिस अब संपत नेहरा से रोहित केस में गहनता से पूछताछ करेगी।
सिटी के ब्लाइंड केस को लेकर संपत से होगी पूछताछ
सिटी थाना पुलिस एरिया के कई ऐसे केस हैं जो अब तब अनट्रेस हैं। सिटी पुलिस ने रोहित गोयल केस में संपत को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब संपत से सिटी ब्लाइंड केस में भी गहनता से पूछताछ करेगी। रोहित केस में पुलिस आरोपी टीनू को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।