भिवानी। गांव बड़ी चांग में चिनाई के दौरान लोहे का सरिये को सीधा करते समय सरिया ऊपर से गुजर रही इलेवन केवी लाइन को छू गया। जिससे सरिये में करंट से मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला सामान्य अस्पताल पहुंची।
मृतक गांव बड़ी चांग निवासी 27 वर्षीय आनंद मेहनत मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार को वह गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान के अंदर लोहे के सरिए को बाहर सीधा कर रहा था कि इसी दौरान ऊपर से गुजरने वाली इलेवन केवी लाइन से छू गया, जिससे करंट का झटका आनंद को लगा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसका जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। गुजरानी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी एएसआई सीताराम ने बताया कि मृतक 27 वर्षीय आनंद शादीशुदा था, लेकिन उसे कोई संतान नहीं थी। उसके भाई बंटी के बयान दर्ज कर इस संबंध में पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।