भिवानी। जिले के कुड़ल गांव की बणी में हथियारों का बड़ा जखीरा मिला है। पुलिस ने बदमाशों से बुलेट प्रूफ जैकेट के अलावा कार्बाइन व छह पिस्टल और 62 कारतूस बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कारतूसों के जखीरे में 23 गोलियां मिलिट्री व पैरा मिलिट्री फोर्स द्वारा प्रयोग में लाई जाने वाली एके-47 राइफल की हैं। इस हथियारों के जखीरे की बरामदगी से पहले पुलिस ने पांच बदमाशों को काबू किया है। बुलेट प्रूफ जैकेट, कार्बाइन, एके-47 के कारतूस मिलने से साफ है कि बदमाशों के संपर्क किसी बड़े गैंग से हैं। पुलिस का दावा है कि बदमाश बड़ी लूट व डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले थे। उनके निशाने पर बैंक व ज्वैलर थे।
जिले में संभवतया पहली बार इतनी बड़ी तादाद में हथियारों की बरामदगी हुई है। राजस्थान से सटे इलाके में बदमाशों से बुलेट प्रूफ जैकेट, कार्बाइन व एके-47 की गोलियां मिलना गंभीर बात है। कुड़ल गांव की बणी राजस्थान बार्डर से 20-22 किलोमीटर के फासले पर है।
पुलिस कप्तान सुरेंद्र सिंह भौरिया ने मंगलवार को अपने कार्यालय में मीडिया को बदमाशों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के बारे में जानकारी दी। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए पुलिस ने सोमवार रात को कुड़ल गांव की बणी में छापा मारा और पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान राजस्थान के गांव भौजना निवासी मंदीप से एक पिस्तौल व चार कारतूस, सोनीपत जिले के गांव भैंसवाल निवासी सोमबीर टीनू से एक कार्बाइन व छह कारतूस, अनिल गोलु वासी हाट (जींद) से एक पिस्तौल, प्रदीप बिल्लु वासी आहुलाना (सोनीपत) से एक पिस्तौल व आठ कारतूस तथा धर्मबीर वासी भैसंवाल कलां (सोनीपत) से एक पिस्तौल व 2 कारतूस बरामद किए हैं।
मौके पर मिली गाड़ी की तलाशी के दौरान एके-47 के 23 कारतूस व तीन कारतूस 38 बोर के बरामद हुए। कार की डिग्गी से एक बुलैट प्रूफ जैकेट बरामद हुई। एक थैली में 500 ग्राम अफीम दूध भी मिला है। उक्त अफीम दूध से पांच किलोग्राम तक अफीम तैयार की जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाश किसी बड़ी लूट की वारदात की तैयारी में थे। बैंक और ज्वैलरी शॉप उनके निशाने पर थी। पूछताछ में कई बड़ी वारदातों में इनकी संलिप्तता उजागर होने की संभावना है।
शामली से खरीदी थी बुलेट प्रूफ जैकेट
बुलेट प्रूफ जैकेट, कार्बाइन, एके-47 की गोलियों की बरामदगी से पुलिस सकते में है। सवाल उठता है कि आमतौर पर सुरक्षा बलों के इस्तेमाल में लाए जाने वाले ये घातक हथियार बदमाशों के हाथ कैसे पहुंचे। पुलिस के लिए हथियारों के नेटवर्क को ढूंढना चुनौती से कम नहीं होगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बुलेट प्रूफ जैकेट उत्तर प्रदेश के शामली से खरीदी थी। आरोपी इस जैकेट को पहनकर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते थे। कार्बाइन व मैगजीन पिस्टल और एके-47 की गोलियों की बरामदगी इसलिए चौंकाने वाली है कि कार्बाइन आमतौर पर सरकारी बलों के पास ही होती है।
बेहोशी का घातक इंजेक्शन भी मिला
पुलिस कप्तान ने बताया कि आरोपियों से बेहोशी का इंजेक्शन भी मिला है। इस इंजेक्शन इतना जबरदस्त असर बताया जा रहा है कि इंजेक्शन से लिक्विड की बूंद मात्र के बाहर निकलने से सामने वाला आदमी बेहोश हो जाता है।