हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बुधवार को हुई संस्कृत, उर्दू, शारीरिक शिक्षा की परीक्षा में 26 नकलची पकड़े गए। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही पर चार पर्यवेक्षक और एक केंद्र अधीक्षक को ड्यूटी से हटाया गया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई जा रही सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं में नकल का खेल रुक नहीं रहा है। सीनियर सेकेंडरी संस्कृत/उर्दू /बायोटेक्नोलॉजी एवं सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) खुदरा/सुरक्षा/ऑटोमोबाइल/आईटी व आईटीईएस/सौंदर्य और कल्याण/कृषि एवं धान की खेती/रोगी देखभाल सहायक/शारीरिक शिक्षा और खेल/ बैंकिंग एवं वित्त सेवाएं विषयों की परीक्षाएं हुईं। कुल 1201 केंद्रों पर 125880 परीक्षार्थी पहुंचे।
विज्ञापन
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड उपाध्यक्ष वीपी यादव के उड़नदस्ते ने झज्जर के परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण किया और छह केस दर्ज किए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र रावमावि, बिरधाना के पर्यवेक्षक कप्तान सिंह, परीक्षा केंद्र रावमावि, महराना में कार्यरत पर्यवेक्षक दलवंती, बलबीर सिंह को लापरवाही पर ड्यूटी से हटाया गया।
संयुक्त सचिव के उड़नदस्ते ने जींद में आठ नकलची पकड़े। रावमावि, लजवाना कलां के मंजीत को ड्यूटी में लापरवाही और 12 अप्रैल को संचालित सेकेंडरी गणित विषय की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक वाले परीक्षार्थी को अनुक्रमांक 1022285919 के लेखक के रूप में बिना बोर्ड की अनुमति के परीक्षा में बैठाने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।
केंद्र अधीक्षक को तुरंत रिलीव करते हुए उनका प्रभार उपकेंद्र अधीक्षक रविकांत प्रवक्ता को सौंप दिया गया। परीक्षा केंद्र अरोरवंश आदर्श उच्च विद्यालय, मंडी डबवाली 10 में कार्यरत पर्यवेक्षक संजय शर्मा को ड्यूटी से हटाया गया।