अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पिस्तौल के बल पर ट्रैक्टर एजेंसी संचालक से गाड़ी छिनने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने शिकायत पर शहर में नाकेबंदी की और जांच शुरू की। देर रात ट्रैक्टर एजेंसी संचालक ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की।
मामला रात करीब नौ बजे का है। आदर्श नगर वासी ट्रैक्टर एजेंसी संचालक आनंद कुमार अपनी बलेनो गाड़ी में सवार होकर हुडा पार्क के नजदीक से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि गाड़ी बहुत ही धीमे चला रहा था। आनंद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी दौरान दो युवक दौड़कर आए और उसकी गाड़ी रुकवाई। उसने गाड़ी रोकी तो एक युवक ने पिस्तौल तान दी और गाली-गलौज कर उसे नीचे उतार दिया। उसके बाद दोनों युवक उसकी गाड़ी लेकर भाग गए। गाड़ी में ही उसका फोन था। जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली डीएसपी वीरेंद्र के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना पुलिस और सीआईए टीम ने जांच शुरू की। वीटी करवाकर शहर के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी की गई। सभी थाने, चौकियों की पुलिस को अलर्ट किया गया। मामले में देर रात तक भी जांच चल रही थी। एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि गाड़ी छिनने की शिकायत आई है, अभी जांच की जा रही है।