बिजली निगम के एसडीओ की गाड़ी में लगी आग, हादसा बचा
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बीटीएम चौक के समीप दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ऑपरेशन सब अर्बन सब डिवीजन नंबर 2 के एसडीओ की गाड़ी में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक आग लग गई। हादसे के समय जेई व अन्य कर्मचारी साइट पर जाने से पहले बिजली का सामान रख रहे थे। गाड़ी में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची और कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया।
गांव झरवाई निवासी गाड़ी चालक रामबीर सिंह ने बताया कि वर्ष 2004 से उसने निगम में अनुबंध आधार पर अपनी गाड़ी लगा रखी है। जिस सूमो गाड़ी के अंदर आग लगी उस गाड़ी को 2013 से काम पर लगा रखा है। बामला फीडर इंचार्ज जेई रामप्रसाद अन्य कर्मचारियों के साथ गाड़ी में बिजली मीटर और तार रखकर साइट के लिए जा रहा था। इसी दौरान ये हादसा हो गया। आग किन कारणों से लगी इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।