कोहाड़ में फसल की रखवाली के दौरान नील गाय को मारी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गांव कोहाड़ में फसल की रखवाली के दौरान नील गाय को मारने का मामला सामने आया है। गांव के शिक्षक मदन कुमार की शिकायत पर वन्य प्राणी विभाग ने नील गाय को गोली मारकर हत्या करने वाले व्यक्ति केस दर्ज किया है। मामला 12 जनवरी की रात का है।
कोहाड़ गांव में किसानों ने खेतों में रखवाली के लिए एक व्यक्ति को रखा है। शिक्षक ने थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके सामने ही उस व्यक्ति ने नील गाय को खेतों से भगाने के लिए उसे गोली मार दी। इस दौरान नील गाय घायल हो गई। उसके उपचार के लिए पशुपालन विभाग से भी संपर्क किया। बाद में नील गाय ने दम तोड़ दिया। सूचना पर वन्य प्राणी विभाग के अधिकारी और पशुपालन विभाग से भी चिकित्सक मौक पर पहुंचे। वहीं वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत पर नील गाय के शिकार का केस दर्ज कर लिया है। पशुपालन विभाग के चिकित्सकों से पोस्टमार्टम करवाया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
---
तड़पते हुए मर गई नील गाय
शिक्षक मदन कुमार ने बताया कि वह प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के अलावा खेतीबाड़ी भी करता है। गांव के कुछ किसानों ने एक व्यक्ति को फसल की रखवाली के लिए रखा है। जो कि नील गायों को भगाने की बजाए गोली मार देता है। जिससे कुछ नील गायों की मौत भी हो चुकी है। इसकी शिकायत भी पुलिस को की है। नील गाय को मारना गलत है। डराकर भगाया भी जा सकता है। गांव के कुछ लोग उसे बचाने का भी प्रयास कर रहे हैं तो कुछ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---
12 जनवरी को सूचना आई थी। वे रात को पहुंचे तो शिकायतकर्ता का नंबर नहीं लगा। सुबह दोबारा गए तो नील गाय मृत मिली, लेकिन कुत्तों ने उसे नोंच रखा था। इसके बाद पशुपालन विभाग से चिकित्सकों को बुलाकर पोस्टमार्टम करवाया। नील गाय के शिकार के आरोप में पृथ्वी नाम के व्यक्ति पर दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही गोली मारने की पुष्टि होगी।
- राजेंद्र प्रसाद, इंस्पेक्टर, वन्य प्राणी विभाग