अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। लारैंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर संपत नेहरा नरेंद्र उर्फ बंटी मास्टर की हत्या करने के लिए तीन दिन भिवानी के तालू निवासी संदीप के घर पर रुका था। तीन दिन तक उसने बंटी मर्डर की ना केवल योजना बनाई, बल्कि अपने दो साथियों से रैकी भी करवाई। भिवानी में संपत तीन दिन तक रूका, लेकिन पुलिस को उसकी भनक तक नहीं लगी। यहां तक कि पुलिस की खुफिया एजेंसी भी उसे ट्रेस करने में नाकामयाब रही। इसके चलते संपत नेहरा ना केवल बंटी मास्टर की हत्या को अंजाम दे पाया, बल्कि भिवानी से भागने में भी कामयाब हो गया। गैंगस्टर संपत नेहरा को भिवानी पुलिस ने बंटी मर्डर में तीन दिन के रिमांड पर लिया हुआ है जिसमें उसने सभी बातों का खुलासा किया है।
रंजिश के चलते रोहित गोयल को मारी थी गोली
गैंगस्ट बंटी मर्डर केस से पहले भी भिवानी में रह चुका है। उस समय वह अपने दोस्त दीपक उर्फ टीनू के साथ मौजूद था। पूछताछ में संपत ने बताया कि टीनू की रोहित गोयल के साथ कहासुनी चल रही थी जिसको लेकर दोनों में दुश्मनी पनपती जा रही थी। टीनू ने उसे कहा था कि रोहित को सिर्फ डराना है। रोहित को गोली मारने के लिए वह टीनू के साथ था। रोहित को गोली टीनू ने मारी थी। उस समय भी वह भिवानी में दो दिन तक रुका था।
कोर्ट में रहेगी कड़ी सुरक्षा
रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस संपत नेहरा को कोर्ट में पेश करेगी। संपत नेहरा को लेकर पुलिस ने कोर्ट में सुरक्षा कड़ी रहेगी। सिविल लाइन पुलिस के अलावा, एसटीएफ व सीआईए भी कोर्ट में मुस्तैद रहेगी। सुरक्षा को लेकर कोर्ट के आसपास सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
संपत को आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि संपत नेहरा को भिवानी पुलिस ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ था। पूछताछ में उसने संदीप तालू के कहने और टीनू से दोस्ती के लिए बंटी मास्टर की हत्या की बात कबूली है। वीरवार को तीन का रिमांड पूरा होने के बाद संपत को कोर्ट में पेश किया जाएगा।