भिवानी। प्रेमनगर गांव के पास रविवार अल सुबह लूट की घटना सामने आई है। लेकिन पुलिस ऐसी किसी वारदात से इनकार कर रही है। पपोसा गांव के दो लोगों का कहना है कि प्रेमनगर के पास दो बदमाशों ने चाकू और पिस्तौल दिखाकर उनसे नकदी व मोबाइल छीन लिये।
पपोसा निवासी रामलाल व अतर ने बताया कि तड़के चार बजे शहर के रोहतक गेट से ऑटो रिक्शा में सवार होकर बवानीखेड़ा के लिए रवाना हुए। ऑटो चालक ने बताया कि ऑटो हांसी तक जाएगा। ऑटो में तीन युवक मुंह ढंके पहले से ही बैठे थे। प्रेमनगर पावर हाउस से कुछ आगे पीर की मजार के पास शौचालय जाने के बहाने से ऑटो खेतों की तरफ ले गए और चाकू व पिस्तौल दिखाकर उनसे 1370 रुपये, दो मोबाइल व कागजात छीन लिये। इसके बाद वापस ऑटो भिवानी की ओर लेकर फरार हो गए।
इस बारे में सदर थाना प्रभारी जयसिंह का कहना है कि ऐसी कोई वारदात नहीं हुई। इस बारे में किसी ने पुलिस से संपर्क तक नहीं किया। यदि किसी के साथ ऐसी वारदात हुई है तो पुलिस को तो इत्तला देनी चाहिए।
--
चाकू के वार से जख्मी महिला दिल्ली रेफर, हमलावर की हुई पहचान
भिवानी। जीतूवाला जोहड़ इलाके में शनिवार शाम को चाकू के हमले से जख्मी हुई महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने रोहतक से दिल्ली रेफर कर दिया गया है। इस बीच, पुलिस ने दावा किया है कि हमलावर की पहचान कर ली गई है।
शनिवार शाम अज्ञात व्यक्ति ने पूनम नामक महिला की गर्दन पर चाकू से वार करके घायल कर दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। बीटीएम पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला को चिकित्सकों ने रोहतक से दिल्ली ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। हालत में सुधार के बाद महिला के बयान लिये जाएंगे। प्रभारी ने बताया कि हमलावर की पहचान हो गई है। महिला के परिजनों की ओर से बयान कलमबद्ध होने के बाद युवक के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया जाएगा। युवक पड़ोस का ही रहने वाला है।