अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। हालुवास गेट के नजदीक महताब की ढाणी निवासी रमेश की पत्नी राजबाला (62) का शव घर में बेड के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला दो दिन से लापता बताई जा रही थी। शुक्रवार को जब कमरे से दुर्गंध आने लगी तो मृतका के पति ने बेड खोलकर देखा तो पत्नी का शव बेड में पड़ा मिला। उसने घटना की सूचना थाना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डीएसपी जगत सिंह मोर, सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने शव का बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है। इसके चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
25 जुलाई को गायब हुई थी राजबाला
महताब की ढाणी निवासी रमेश ने बताया कि वह फौज से रिटायर्ड है। अब वह शहर के वैश्य मॉडल स्कूल में गार्ड की नौकरी करता है। 25 जुलाई को वह सुबह घर से ड्यूटी पर गया था। शाम को जब वह घर पहुंचा तो गेट की बाहर से कुंडी लगी थी। अंदर जाकर देखा तो उसकी पत्नी नहीं थी। उसने सोचा की कहीं पड़ोस में गई होगी। वह नहीं आई तो स्वयं ही खाना बनाया और खाना खाकर सो गया। 26 जुलाई को फिर से ड्यूटी चला गया। उसने पत्नी का फोन मिलाया तो वह बंद आ रहा था।
वीरवार को बेटी व बेटों को दी पत्नी के गायब होने की सूचना
मृतका के पति ने 26 जुलाई को स्कूल में ड्यूटी पर जाने के बाद बेटी व बेटों को फोन पर पत्नी राजबाला के गायब होने की सूचना दी। उन्होंने पुलिस में सूचना देने के लिए कहा तो वह दोपहर बाद साढ़े चार बजे दिनोद गेट चौकी पहुंचा और पुलिस को पत्नी के गायब होने की सूचना दी। उसके बाद वह घर चला गया।
गले में लिपटी मिली चुन्नी, चेहरे पर चोट के निशान
पुलिस ने बताया कि बेड में मृत मिली राजबाला के गले में चुन्नी बंधी हुई थी और उसके चेहरे पर भी चोट के निशान हैं। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि उसकी दो-तीन दिन पहले हत्या कर शव को बेड में छुपाया गया है। शव पूरी तरह से गला हुआ है।
पति-पत्नी रहते थे घर पर अकेले, किरायेदार 15 दिन से गया है घर
महताब की ढाणी निवासी रमेश के एक लड़की व दो लड़के हैं। लड़की संतोष की रोहतक शादी की हुई है तो एक बेटा सुशील तावड़ू में रहता है। दूसरा बेटा संजय पूणा में नौकरी करता है। पति-पत्नी घर पर अकेले रहते थे। उपर उन्होंने अमित नामक युवक को किराये पर कमरा दिया हुआ था जो 15 दिन से गांव गया हुआ है। मामले की सूचना मिलने पर सुशील भिवानी पहुंचा, जबकि संजय कल तक भिवानी पहुंचेगा।
पुलिस को नजदीकियों पर शक
राजबाला की हत्या कर शव बेड में डालने के मामले में पुलिस की शक की सुई नजदीकियों पर घूम रही है। मृतका के पति ने पुलिस को बयान दिया है कि उसे शक है कि उसकी पत्नी की हत्या उसके किरायेदार ने की है। वहीं, मृतका के नाती ने पुष्पेंद्र ने बताया कि उसकी नानी के कानों की बाली, नाक की हीरे की तिली, चांदी की पाजेब व फोन गायब है। उन्हें शक है कि लूट के इरादे से हत्या कर शव को बेड में डाला गया है।
वर्जन
मृतका के भाई खरक कलां निवासी वेदप्रकाश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों की मांग पर शव का बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। राजबाला की हत्या कैसे हुई है उसका पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
-दशरथ सिंह, इंचार्ज, दिनोद गेट चौकी