अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। रोहतक रोड स्थित पेट्रोल पंप पर वीरवार रात को ओवर स्पीड ट्रक के चालान को लेकर कारिंदों की सीटीएम टीम के साथ कहासुनी हुई। शुक्रवार सुबह डीएफएससी व मापतोल इंस्पेक्टर की टीम ने उक्त पेट्रोल पंप पर छापा मारा और वहां पर तेल के सैंपल भरे। टीम ने जब मशीनों की जांच की व सात नोजल में निर्धारित मात्रा में तेल नहीं डालने पर सील कर दी गई। वहीं, तेल के सैंपल जांच के लिए भेज दिये गए हैं। डीएफएससी का कहना है कि रूटीन चेकिंग के तहत यह कार्रवाई की गई है। पंप संचालक ने कहा कि ना हमारी मशीन में कमी थी ना तेल की गुणवता में। उन्होंने इससे आगे कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
रोहतक रोड पर स्थित संजीत फिलिंग स्टेशन पर शुक्रवार को सुबह डीएफएससी अनिल कालरा व मापतोल इंस्पेक्टर दीपक हुड्डा अपनी टीम के साथ पहुंचे। टीम ने गुणवता को लेकर डीजल व पेट्रोल के सैंपल लिए। उसके बाद टीम ने मशीनों की जांच की। जब टीम ने वहां पर तेल के माप भरे तो 7 नोजल से 5 लीटर तेल पर 30 से 40 एमएल तेल की कटौती मिली। मापताल इंस्पेक्टर ने बताया कि सैंपल को जांच के लिए लेब में भेजा जाएगा। जिन नोजल से तेल कम डाला जा रहा था उन्हें सील कर रीडिंग नोट कर ली गई है।
पंप कारिदों से हुई सीटीएम टीम की कहासुनी, कैमरे में कैद
वीरवार रात सवा आठ बजे एक ट्रक संजीत फिलिंग स्टेशन पर आकर रूकता है। उसी समय उसके पीछे सीटीएम की गाड़ी भी पंप पर पहुंचती है। गाड़ी से ड्राइवर और गनमैन उतरकर ट्रक चालक को पकड़कर नीचे उतारने की कोशिश करते हैं। उसी दौरान पंप पर काम करने वाले कारिंदे दौड़कर ट्रक के पास पहुंचते हैं और बीच-बचाव की कोशिश करते हैं। गाड़ी चालक व गनमैन कारिंदे को धक्के मारते हुए ट्रक से दूर कर देेते है। इस दौरान उनके बीच में कहाुसनी भी होती है। उसके सीटीएम की गाड़ी दूसरी तरफ लाकर खड़ी की जाती है और ट्रक के कागजात चेक किए जाते हैं। यह पूरा मामला वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
ओवर स्पीड का किया गया चालान : सीटीएम
सीटीएम महेश कुमार ने कहा कि एक ट्रक चालक ट्रक ओवर स्पीड व लापरवाही से चला रहा था। पीछा करने पर उसने ट्रक संजीत फिलिंग स्टेशन पर लगा दिया। जहां पर उसका चालान किया गया है।
एक ही पंप पर की गई रूटीन चेकिंग
डीएफएससी व मापतोल इंस्पेक्टर द्वारा पंप पर की गई चेकिंग को रूटीन बताया है। उन्होंने पंप की किसी भी शिकायत मिलने से मना किया है। अब ऐसे में सवाल ये भी है कि रूटीन में सिर्फ उसी पंप को क्यों चेक किया गया जहां पर रात को सीटीएम टीम के साथ कारिदों की कहासुनी हुई है। संजीत फिलिंग स्टेशन से कुछ ही दूरी पर दूसरे पेट्रोप पंप भी मौजूद थे। जिनकी जांच नहीं की गई।
मीटिंग के चलते एक ही पंप की जा सकी चेकिंग : अनिल कालरा
डीएफसी अनिल कालरा ने बताया कि संजीत फिलिंग स्टेशन पर की गई जांच एक रूटीन कार्य था। जब उनसे पूछा गया कि अन्य पंप पर भी जांच की गई तो उन्होंने कहा कि मीटिंग में जाना था तो एक ही पंप की जांच कर पाए। जांच में कमी पाए जाने पर वहां टाइम भी ज्यादा लग गया।
फोटो 07 से 09