अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ब्रांडेड कपड़ों का लेबल लगाकर शहर में लोकल कंपनी के कपड़े बेचने की शिकायत पर दिल्ली से यूनाइडेट ट्रेड मार्क यूनियन के फिल्ड ऑफिसर भिवानी पहुंचे और शोरूम पर छापेमारी की। छापेमारी सूचना मिलते ही शहर की ज्यादातर शोरूम व दुकानों के शटर डाउन कर दिए गए। टीम थाना सिविल लाइन पुलिस को साथ लेकर शोरूम पर पहुंची थी। जहां पर भारी मात्रा में ऐसे कपड़े मिले जिनपर ब्रांडेड कंपनी का लोगो लगा हुआ था। देर रात तक टीम शोरूम पर जांच में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार यूनाइटेड ट्रेड मार्क के एरिया मैनेजर सुरेंद्र को शिकायत मिली कि भिवानी के श्रीराम गारमेंट पर ब्रांडेड कंपनी के लोगो लगाकर लोकल कंपनी के कपड़े बेचे जा रहे हैं। सूचना मिलने पर सुरेंद्र के नेतृत्व में नौ लोगों की टीम भिवानी पहुंची और श्रीराम गारमेंट शोरूम पर छापेमारी शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में लोकल कंपनी के रेडिमेंट कपड़ों पर ब्रांडेड कंपनी के लोगो लगे मिले। टीम की छापेमारी की सूचना से आसपास मार्केट की दुकानों के शटर डाउन होने शुरू हो गए। देखते ही देखते मार्केट की ज्यादातर दुकानें बंद कर दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजित सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। देर रात तक टीम कपड़ों की जांच में जुटी हुई थी।
करीब दस लाख का माल बरामद
शिकायत मिलने पर छापेमारी करने पहुंचे एरिया मैनेजर सुरेंद्र ने बताया कि काफी दिन से उनके पास लोकल कंपनी के रेडिमेंट कपड़ों पर ब्रांडेड कंपनी के लोगो लगाकर बेचने की शिकायत मिल रही थी। इसके चलते उन्होंने एसपी से मुलाकात कर मामले से अवगत करवाया। इसके चलते सिविल लाइन थाना प्रभारी के साथ श्रीराम गारमेंट पर छापेमारी की जहां से तीन ब्रांडेड कंपनी के लोगो लगे करीब दस लाख रुपये के कपड़े बरामद हुए। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस शोरूम मालिक रजत शर्मा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत शिकायत दी है।
श्रीराम के नाम से चल रही रेडिमेट कपड़ों की फैक्टरी
छापेमारी के लिए भिवानी पहुंचे सुरेंद्र ने बताया कि लोहारू रोड पुल के पास श्रीराम गारमेंट ने रेडिमेंट कपड़ों की फैक्टरी लगाई हुई है। उन्होंने वहां पर भी छापेमारी की लेकिन भनक लगने पर आरोपी फैक्टरी को बंद कर भाग निकले। उन्होंने बताया कि गोदाम पर भी ताला लगाया हुआ है जिसकी अभी जांच करनी बाकी है। उन्होंने बताया कि अगले तीन-चार दिन तक वे भिवानी में अन्य जगहों पर भी छापेमारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्रांडेड कंपनी लकोस्टे, बरबरी, रेंगलर, ली, नाइकी व अंडर आर्मर कंपनी के लोगों लगाकर कपड़े बेचने की शिकायत मिली थी। अभी तीन कंपनियों के लोगों लगे कपड़े बरामद हो चुके हैं। अभी जांच चल रही है।
जीएसटी के छापों से मचा हड़कंप, मार्केट हुई बंद
कपड़े के शोरूम पर छापेमारी के चलते मार्केट में सूचना आई कि जीएसटी टीम छापेमारी कर रही है। सूचना मिलते ही मार्केट में हड़कंप मच गया। इसके चलते महम गेट हांसी गेट, पुराना बस स्टैंड मार्केट में स्थित गारमेंट शोरूम संचालक चलते बने। मार्केट में ज्यादातर दुकानें बंद नजर आई।
वर्जन
यूनाइटेड ट्रेड मार्क सुरेंद्र की शिकायत पर श्रीराम गारमेंट मालिक के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट व धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
अजित सिंह, थाना सिविल लाइन प्रभारी।