अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। चांदी लूट मामले में सीआईए ने गिरफ्तार किए गए सुनार सुरेश से सवा 12 किलो चांदी बरामद कर ली है। वहीं, मुख्य आरोपी से बेची गई चांदी के पांच लाख 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। सीआइए मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
उल्लेखनीय है कि 13 जून को शास्त्री नगर निवासी आभूषण व्यापारी अमित कुमार को गोली मारकर बदमाशों ने चांदी के आभूषण लूट लिए थे जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई थी। एसपी गंगाराम पूनिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच सीआईए इंचार्ज रविंद्र जांगड़ा को सौंपी थी। सीआईए ने मामले में कार्रवाई करते हुए लूट में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार रात को लूट की चांदी खरीदने वाले सुनार सुरेश को सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। वहीं, मुख्य आरोपी पवन को भी पुलिस ने दोबारा लूट मामले में 6 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस ने आरोपी सुनार से लूट की खरीदी हुई चांदी सिरसा स्थित दुकान से बरामद की है। वहीं, पुलिस ने आरोपी पवन सहित अन्य आरोपियों से बेची गई चांदी के पांच लाख 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, बाइक, मोबाइल व हथियार बरामद कर चुकी है।