अमर उजाला ब्यूरो
कैरू। कैरू गांव के युवक द्वारा 19 नवंबर को चंदावास के लोगों पर फेसबुक पर की गई टिप्पणी के विरोध में बना रोषपूर्ण वातावरण का सोमवार को पटाक्षेप हो गया। आरोपी युवक पर 11 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
सोमवार को फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी के मामले में कैरू के बाबा मंगीपा धर्मशाला में आयोजित चार गांवों की पंचायत में फैसले का दायित्व कैरू की पंचायत को दिया गया। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए रोशन सिंह ने सभी से मशवरा करके कहा कि युवक द्वारा किया गया आचरण निंदनीय है। यह आपसी भाईचारे को बिगाड़ने वाला है। ऐसे में हम सब इस बारे में निंदा प्रस्ताव पेश करते हैं और साथ ही 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद के इन गांवों के लोगों ने सर्वसम्मति से मामले को समाप्त करने का फैसला लिया।
सरपंच एसोसिएशन कैरू ब्लाक के प्रधान सतबीर सिंह ने अहम भूमिका निभाते हुए कहा कि हम सभी प्रारंभ से ही मामले का शांतिपूर्ण समाधान चाहते थे। आज सर्व सहमति से हुए फैसले से सभी ने राहत की सांस ली है। इस मौके पर रोशन सिंह, सरपंच कैलाश शर्मा, लाला पहलवान, महेंद्र शेखावत, बेदू नंबरदार, विक्रम लाला, कमेटी में चंदा बास के सरपंच सतबीर सिंह, बाबरवास के सरपंच प्रतिनिधि गजानंद, पूर्व सरपंच सुल्तान सिंह, पूर्व सरपंच राजबीर, अनूप पंच, महावीर, सुरेंद्र, जगदीश शर्मा, सुनील, ईश्वर, आनंद नंबरदार, राजेंद्र जांगड़ा बनवारी जांगड़ा, बलवान बाजिया, लीलाधर शर्मा, राजपाल सचिव आदि मौजूद रहे।