भिवानी। सरकुलर रोड पर इंप्रूमेंट ट्रस्ट मार्केट के नजदीक रात को ट्रक और कार की टक्कर हो गई। जिसमें कार की एक साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार दो बच्चे बाल-बाल बच गए। वहीं लोगों ने ट्रक चालक की धुनाई कर दी। जिससे खूब हंगामा हुआ। करीब पौना घंटा तक मार्ग के बीच में वाहन खड़ा रहने के कारण जाम लगा गया।
मामला रात करीब साढ़े 10 बजे का है। पुराना बस स्टैंड की ओर से एक ट्रक हांसी गेट की ओर आ रहा था। इसी साइड एक कार भी आ रही थी। इसी दौरान ट्रक की साइड कार के हिस्से में टकरा गई जिससे कार का कुछ हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में चालक के अलावा परिवार के सदस्य और बच्चे थे। हादसा सिविल लाइन थाना के नजदीक हुआ। बाद में कार चालक ने पीछा कर ट्रक को इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट के नजदीक ओवरटेक कर रोक लिया। इस दौरान यहां जमा लोगों ने ट्रक चालक की धुनाई कर दी। हंगामा होने से यहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। कुछ लोग ट्रक चालक की गलती बता रहे थे तो कुछ कार चालक की। मगर गनीमत रही कि कार के जिस हिस्से में ट्रक की टक्कर लगी, उसी खिड़की की साइड कार में दो बच्चे भी सवार थे। जो बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद दोनों वाहन बीच सड़क खड़े होने के कारण मार्ग पर जाम लग गया। बाद में एंबुलेंस आई तो दोनों वाहनों को साइड में किया गया। सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सिविल लाइन थाना से एएसआई संजय कुमार भीड़ को देखकर वहां पहुंचे और उन्होंने भीड़ को हटवाया। सिविल लाइन थाना से एएसआई संजय कुमार ने बताया कि वह वहां से गुजर रहे थे तो भीड़ को देखकर गाड़ी रोकी। इसके बाद दोनों पक्षों के वाहनों को साइड में करवाया। अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत करते है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।