राजस्थान से भिवानी बुलाकर युवक की अश्लील फोटो खींची, दस लाख नहीं देने पर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी
- लड़की से फोन पर होती थी बातचीत, मिलने के बहाने अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट कर एटीएम से 86 हजार भी निकलवाए
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। लड़की ने फर्जी कॉल कर राजस्थान के युवक को बातों में उलझाकर भिवानी बुलाया। यहां कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर अपहरण के बाद उसके अश्लील फोटो खींचे और वीडियो बनाई। एटीएम छीनकर 86 हजार रुपये निकलवा कर छोड़ा। जाते हुए धमकी दी कि 10 लाख रुपये का इंतजाम कर लो नहीं तो दुष्कर्म का केस दर्ज करवा देंगे। साथ ही अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल साइटों पर अपलोड करने की धमकी दी। युवक ने किसी तरह राजस्थान पहुंचकर सूचना चुरु जिले के थाना हमीरवास पुलिस को दी। वहां जीरो एफआईआर के माध्यम से मामला भिवानी सदर थाना पुलिस को ट्रांसफर किया। सदर थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट, लूट, फिरौती मांगने संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
हमीरवास थाना में दी शिकायत में पीड़ित युवक ने बताया कि 15 फरवरी को उसके पास एक लड़की का फोन आया और हालचाल पूछा। उसने अपना नाम संध्या बताते हुए भिवानी निवासी बताया। उसने दो-तीन बार बात की। युवक के मुताबिक, उसने लड़की को स्पष्ट किया कि वह उसका जानकार नहीं है। इस पर लड़की ने कहा कि आपसे बातें करके अच्छा लगा। भिवानी आना हो तो मुलाकात करना।
शिकायत के मुताबिक, 19 फरवरी को उसे किसी कार्य से भिवानी जिले के गांव जुई में आना था तो उसने उक्त लड़की के पास भी आने की सूचना दी। दोनों की देवसर मोड़ पर मिलने की बात हुई मगर वह वहां नहीं मिली। दोपहर 12 बजे लड़की उसे दादरी गेट पर मिली। यहां से वे उसकी ऑल्टो कार से देवसर मोड़ पहुंचे। देवसर मोड़ पर कार रोककर बातचीत करने लगे तो एक बोलेरो गाड़ी आई। जिसमें तीन युवक सवार थे। आरोप है कि आते ही युवकों ने शीशा उतारने को कहा। जबरन उसकी कार की चाबी निकाल ली। दो युवक उसकी गाड़ी में पीछे बैठ गए। इसी दौरान उन्होंने उसे पीछे खींच लिया। एक युवक ड्राइवर सीट पर बैठकर गाड़ी को जुई की तरफ ले गए। उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। वे उसे एक जोहड़ के पास ले गए। उसके सारे कपड़े उतार दिए और नग्न अवस्था में गाड़ी के पीछे खड़ा कर फोटो खींचे। साथ ही, लड़की को उसके पास खड़ा कर भी फोटो खींचे। आरोपियों ने उसकी सोने की अंगूठी, चेन और पर्स छीन लिया। पर्स में तीन एटीएम कार्ड थे। दो मोबाइल थे, सब ले लिया। दोबारा आंखों में पट्टी बांध कार में बैठाया और एक-दो घंटे चलने के बाद एक मकान में ले गए। यहां भी अश्लील हरकतें करने का दबाव बनाया।,
पीड़ित युवक ने शिकायत में बताया कि रास्ते में आरोपियों ने उसे घर फोन करने को कहा और कहा कि 10 लाख रुपये मंगाओ नहीं तो दुष्कर्म केस में फंसा देेंगे और वीडियो तथा फोटो सोशल साइटों पर अपलोड कर देंगे।
महेंद्रगढ़ में अलग-अलग एटीएम से निकाले 86 हजार
युवक ने बताया कि आरोपी उसे महेंद्रगढ़ ले गए। जहां उसके एक एटीएम कार्ड से 25000 रुपये, दूसरे एटीएम कार्ड से 20000 रुपये, पोस्ट आफिस के एटीएम कार्ड से 6000 रुपये निकलवाये। क्रेडिट कार्ड से भी 10000 रुपयें निकलवाये । फिर मेरे एसबाआई खाते से मेरे ही बडौदा बैंक के खाते मे 25000 रुपये ट्रांसफर किए ओर बड़ौदा बैंक के एटीएम से निकलवा लिए। महेंद्रगढ़ में नारनौल रोड पर होटल में खाना भी खाया। महेंद्रगढ़ में ही एक पेट्रोल पंप के पास रुकें। वहां पर रात को 12 बजें के बाद फिर से मेरे एसबीआई के खाता से मेरे बड़ौदा बैंक के खाते मे रुपये ट्रांसफर किये और निकाल लिए। एसबीआई एटीएम से 20000 रुपये निकाल लिए। वहां से रवाना होकर मेरे को उसी मकान के कमरे में दोबारा लेकर गए।
लाड गांव में रिश्तेदारों ने पहचानी उसकी गाड़ी
लाड गांव में बस स्टेंड पर जब चाय पी रहे थे तो इसी दौरान उसके रिश्तेदारों की कैंपर गाड़ी आ गई। रिश्तेदारों ने उसकी गाड़ी पहचान ली। रिश्तेदार जब गाड़ी के पास आने लगे तो आरोपियों ने गाड़ी दौड़ा दी। कुछ दूर चलने के बाद उसे छोड़ा और कहा कि इन खातों में 10 लाख रुपये डलवा देना नहीं तो दुष्कर्म केस दर्ज करवाएंगे।
वर्जन:::
राजस्थान थाने में दर्ज हुई जीरो एफआईआर के माध्यम से एफआईआर दर्ज की गई है। युवक को अब जांच के लिए बुलाया जाएगा। जिसके आधार पर आगामी जांच की जाएगी।
प्रेम सिंह, कार्यकारी एसएचओ
सदर थाना