गुजरानी पंप हाउस में पानी के साथ बहकर आए दो शव, शिनाख्त नहीं
- गली-सड़ी हालत में हैं दोनों शव, पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेजे
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गुजरानी पंप हाउस पर पानी के बहाव के साथ गली-सड़ी हालत में आए दो शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया। किसी भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के मुताबिक, गुजरानी पंप हाउस पर पानी के बहाव के साथ वीरवार रात 8 बजे एक शव पानी के बहाव के साथ पहुंचा। इसकी सूचना पंप हाउस पर तैनात कर्मचारियों ने सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस के जांच अधिकारी एचसी कुलदीप ने बताया कि शव महीने भर पुराना है, जो पूरी तरह से सड़-गल चुका है, जिसकी शिनाख्त कराने का भी कोई जरिया नहीं बचा है। कपड़ों से भी पहचान नहीं हो पा रही है। वहीं, दूसरा शव शुक्रवार दोपहर 11 बजे मिला। एचसी प्रवेश ने बताया कि शव का केवल कंकाल का ढांचा बचा है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव महीने से भी अधिक पुराना है। शिनाख्त के लिए दोनों शव जिला सामान्य अस्पताल लाए गए। जांच अधिकारी कुलदीप और प्रवेश ने बताया कि शवों को रोहतक पीजीआई भेजा गया है, जहां पर उनका चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल उनकी उम्र और मौत की वजह के साथ-साथ लिंग की भी पहचान संभव हो पाएगी। पुलिस मृतकों के परिजनों का पता लगाने का भी हर संभव प्रयास कर रही है।
मिसिंग केस का डाटा खंगालने में जुटी पुलिस
गुजरानी माइनर में मिले अज्ञात शवों के बाद अब पुलिस मिसिंग केस का डाटा खंगालने में जुटी है। शिनाख्त के लिए पुलिस उन लोगों की पहचान में जुटी है, जो पिछले एक से डेढ़ महीने के दौरान गायब हुए हैं। हालांकि पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है मगर अभी कुछ पता नहीं चला।
फोटो: 09