तोशाम। बस चालक से मारपीट और तोड़ फोड़ के मामले में पुलिस ने आधा दर्जन युवकों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में चालक राज कुमार ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज के सब डिपो तोशाम में चालक पद पर तैनात है। शनिवार शाम छह बजे तोशाम से बस लेकर वाया खानक पिंजोखरा होते हुए स्याङ़वा जा रहा था। पिंजोखरा मोड़ पर बस रोककर सवारियां को बैठा रहा तो कि इसी बीच 6-7 लड़के डंडे लेकर आ गए और हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद बस के शीशे तोड़ दिए। चालक ने बताया कि हमलावरों में वह एक युवक को पहचानता है। तीन अक्तूबर को एक डंपर संतुलन बिगड़ने से पलट गया था। जिस पर डंपर चालक से उसकी साथ कहासुनी हुई थी। इसी कारण उन्हीं लोगों ने उस पर हमला किया गया । पुलिस ने पीड़ित चालक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस बारे में थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया की चालक की शिकायत पर छह-सात अज्ञात युवकों पर केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।