विधायक की कॉलोनी के गेट के सामने चालक से पांच हजार की लूट
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
विधायक घनश्याम सर्राफ की कॉलोनी बागकोठी के गेट के सामने शुक्रवार रात पांच-छह लोगों ने ट्रक चालक व उसके दो साथियों से मारपीट की और पांच हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने इस घटना को आपसी झगड़ा बताया और कहा कि किसी ने इस बारे में लिखित शिकायत नहीं की, इसलिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। सीसीटीवी कैमरे में कुछ युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे बाग कोठी गली नंबर एक के गेट के सामने यह वारदात हुई। कैंटर 909 चलाक बहादुरगढ़ से सोडा वाटर लेकर यहां आया था और रात को अनलोड करके लौट रहा था। इसी दौरान बागकोठी गली नंबर एक के गेट के सामने कैंटर का एक्सल टूट गया। इस वजह से कैंटर बीच सड़क पर रुक गया। फिरोजाबाद (यूपी) जिले के नगला जयकिशन गांव के रहने वाले कैंटर चालक राजू ने बताया कि रात पौने 12 बजे एक युवक ने आकर पूछा कि बीच रास्ते कैंटर क्यों खड़ा है। उसने एक्सल टूटने की बात युवक को बता दी। 10-15 मिनट बाद वह युवक अपने पांच-छह साथियों के साथ आया और उसके व उसके साथ आए दो युवक के साथ मारपीट करने लगे। डंडों से लैस युवकों ने कैंटर को भी नुकसान पहुंचाया और उससे (राजू से) पांच हजार रुपये नकद व मोबाइल छीन कर भाग गए।
राजू ने बताया कि सुबह पुलिस मौके पर आई थी। उसने पूरी घटना पुलिस को बता दी है। राजू ने बताया कि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवकों की हरकत कैद हुई है। उधर, जैन चौक पुलिस चौकी प्रभारी गोपाल व हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि कैंटर चालक से कोई लूट नहीं हुई। गाड़ी सड़क के बीच में खड़े होने को लेकर आपसी झगड़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि कैंटर चालक ने इस बारे में लिखित में शिकायत भी नहीं दी है। इसलिए, पुलिस ने फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
---
100 नंबर पर चार बार डॉयल किया, किसी ने नहीं उठाया
कैंटर चालक राजू ने बताया कि घटना के बाद मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर चार बार डॉयल किया गया, लेकिन रिसीव करने के बजाय कॉल डिस्कनेक्ट कर दी गई।