भिवानी। 10वीं के छात्र पर हमला कर रहे युवकों से अपने भाई को छुड़वाने गए युवक पर हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले सूए से हमला कर दिया। युवक की कमर में वार कर आरोपी जान से मारने की धमकी और अन्य केसों में फंसाने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर चार नामजद लोगों पर केस किया है।
बैंक कॉलोनी में त्रिवेणी के पास रहने वाले आईटीआई छात्र नरेश को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया। घायल नरेश ने बताया कि चार-पांच युवक उसके छोटे भाई से झगड़ा कर रहे थे। वह उसे छुड़वाने गया तो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसकी कमर में बर्फ तोड़ने वाले सूए मारे। जिससे वह घायल हो गया। उसका पड़ोसी सुनील उसे बचाने आया तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी। उक्त युवकों के परिवार की दो महिलाएं भी आई और उसकी मां के साथ झगड़ा किया। अब वे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। विवाद लड़की का मोबाइल नंबर किसी अन्य को देने के शक को लेकर है। सूचना पर जैन चौक पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घायल के बयान पर तीन नामजद व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में जैन चौक चौकी से इंचार्ज सुरेश कुमार ने बताया कि चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच की जा रही है।