हड़ताल पर बैठे 146 एनएचएम कर्मचारी किए बर्खास्त
-नौवें दिन भी जारी रही एनएचएम हड़ताल, वीरवार को कर्मचारियों ने शहर में किया विरोध प्रदर्शन, स्मारक पर पहुंच किया शहीदों को नमन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। एनएचएम कर्मचारियों की लगातार नौ दिनों से चल रही हड़ताल को समाप्त कराने के लिए सरकार ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वीरवार को एनएचएम मुख्यालय से भिवानी के 146 कर्मचारियों के बर्खास्त करने के आदेश भेजे। अकेले भिवानी जिला में 435 कर्मचारी नियुक्त हैं। निदेशालय द्वारा बर्खास्तगी के आर्डर भेजे जाने के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है।
वीरवार को हड़ताल के नौवें दिन सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर पांच महिला कर्मचारी क्रमिक अनशन पर बैठी वहीं हड़ताली एनएचएम कर्मचारियों ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया और नेहरू पार्क के शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को नमन कर अपना आंदोलन तेज करने का एलान किया। हरियाणा एनएचएम कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मनोज, जिला उपप्रधन मंजू व सुधीर भारद्वाज ने कहा कि लगातार 20 सालों से एनएचएम कर्मचारी अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, मगर सरकार उनकी सेवाओं को नियमित करने की बजाए उनके आंदोलन को कमजोर करने पर तुली है। इस मौके पर गुलाब कंप्यूटर सहायक, डॉ. प्रिति, संदीप फार्मासिस्ट, सुनीता स्टाफ नर्स, विनोद मलिक ड्राईवर, सुशीला एएनएम चांग क्रमिक अनशन पर बैठे। धरने पर सुमेंद्र, श्रवण, मोहित, सोनिया, लेखा सहायक डा दीपक, डॉ. पूजा, डा निशा यादव, विजय नागर, राजेश ईएमटी शर्मिला, प्रमिला, मीना, अंजू, सविता, बलकेश सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।