अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा निवासी एक विवाहिता ने अपने ही ससुराल वालों पर जहर देकर मारने और छेड़छाड़ कर उसके साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग के चलते उस पर इस तरह के जुल्म ढहाए जाने की शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस को दी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 10 मार्च 2013 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करने लगे। दहेज की मांग इतनी हावी हो गई कि उसे जहर खिलाकर उसकी जान लेने की कोशिश भी की गई। मगर वह बच गई तो फिर उसकी इज्जत खराब करने की नियत से ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा ही छेड़छाड़ की गई। उसे बेइज्जत कर घर से बाहर निकाल दिया। इस मामले में पहले तो पंचायती तौर पर आपसी सुलह का प्रयास चलता रहा, मगर ससुराल वालों ने सभी हदे पार कर दी तो मामला बवानीखेड़ा पुलिस थाने में पहुंचा। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति सहित ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।