मां के साथ बाजार में खरीददारी करने आई दिल्ली महिला पुलिस कर्मी का पर्स हुआ चोरी
- सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की वारदात को अंजाम देती दिखी दो संदिग्ध महिला, पुलिस ने दर्ज किया केस
- पहले भी बाजार में खरीददारी करने आई महिलाओं का सामान हो चुका है चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बाजार में खरीददारी करने आई महिलाओं के कीमती सामान और पर्स चोरी होने की वारदातों के बाद भी पुलिस सुस्त नजर आ रही है। ताजा मामला बुधवार का है। जहां अपनी मां के साथ बाजार में खरीददारी करने आई दिल्ली पुलिस की महिला कर्मी का पर्स चोरी हो गया। आसपास के दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो दो संदिग्ध महिलाएं प्लास्टिक का थैला काटकर पर्स चोरी करती हुई नजर आई। इससे पहले भी बाजार में करीबन आधा दर्जन महिलाओं के पर्स एवं कीमती सामन चोरी होने की वारदातें सामने आ चुकी हैं। इन सभी वारदातों में दो संदिग्ध महिलाओं का ही नाम सामने आया हैं, मगर इसके बावजूद पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। लगातार बाजार में महिलाओं के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाली महिला चोर गिरोह से दुकानदार भी दहशत में आ गए हैं।
भारत नगर गली नंबर ए-1 निवासी पिंकी ने बताया कि गत 13 फरवरी को वह अपनी मां कविता के साथ बिचला बाजार में घरेलु सामान खरीद करने आई हुई थी। उसने बताया कि घंटाघर से आदर्श धर्मशाला के समीप एक जनरल स्टोर पर सामान की खरीद कर रही थी तो इसी दौरान उसके पास दो महिलाएं भी आ गई। संदिग्ध महिलाओं ने पिंकी के हाथ में मौजूद थैले को काटकर उसके अंदर से उसका पर्स चोरी कर लिया। पिंकी ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में तैनात है। पर्स के अंदर उसका दिल्ली पुलिस का आईकार्ड और चार हजार रुपये की नगदी सहित बैंक का एटीएम भी मौजूद था। पर्स चोरी होने के बाद जब उसने आसपास लगे दुकानों के सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो दोनों महिलाओं की करतूत उजागर हो गई। जिसमें वह साफ तौर पर पर्स चोरी करते हुए दिखाई दी गई। सिटी पुलिस ने पिंकी की शिकायत पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।