भिवानी। जीतू वाला जोहड़ फाटक के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे गाड़ी सवार युवकों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। युवक के दोस्त ने बचाने का प्रयास किया तो उस पर भी हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने अपह्त युवक के साथ मारपीट कर फाटक के पास फेंक दिया और फरार हो गये। युवक को वहां से गुजर रहे लोगों ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, पुलिस का कहना है कि घायल युवकों ने बयान देने से मना कर दिया।
जानकारी के अनुसार जीतू वाला जोहड़ निवासी राजन ने बताया कि वह अपने दोस्त दिनेश के शुक्रवार रात को जीतू वाला फाटक के पास खड़ा था। उसी समय वहां पर एक गाड़ी में पांच-छह युवक आये और उसे जबरन गाड़ी में डालने लगे। जब उसके दोस्त दिनेश ने विरोध किया तो उस पर हमला कर घायल कर दिया और उसे ले गये। उसके बाद उसे वे कब फाटक पर फेंककर गये कुछ पता नहीं। जब होश आया तो वह सिविल अस्पताल में भर्ती पाया।
अनाज मंडी चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि दो युवकों के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया था। हैड कांस्टेबल धर्मबीर घायलों के बयान लेने के लिए सिविल अस्पताल में गये थे। घायल युवकों ने बाद में बयान देने की बात कही थी, जिसके बाद रपट लिख दी। घायल जो भी बयान देगा, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।