अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ट्रिपल मर्डर में तीनों की हत्या पहले जहरीला पदार्थ खिलाकर की गई थी। उसके बाद निर्ममता से छोटे-छोटे टुकड़े किए। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सबूत मिटाने के लिए शरीर के टुकड़े किए। इसके अलावा शवों से दुर्गंध ना आए इसके उन पर केमिकल डाला गया। रोहतक पीजीआई में हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है। जहरीले पदार्थ से मौत की आशंका को पुख्ता करने के लिए पीजीआई के चिकित्सकों ने विसरा जांच के लिए लैब भेजा है। पोस्टमार्टम में सबसे छोटी बच्ची का सिर भी मिला है। पोस्टमार्टम करने वाले तीन सदस्यीय बोर्ड के डॉ. कुलदीप, डॉ. नवीन और डॉ. पीयूष जैन ने बताया कि शवों के इतने टुकड़े थे कि पोस्टमार्टम की जिम्मेवारी पीजीआई में चिकित्सकों के बोर्ड को सौंपी गई। दूसरी तरफ मृतकों के कपड़ों के आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। इसके अलावा भिवानी पुलिस ने हरियाणा के सभी जिलों के अलावा राजस्थान से लगते जिलों व दिल्ली पुलिस को भी सूचना देकर महिला और दो बच्चों के लापता होने की सूचना मांगी है। साथ ही मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है किसी बड़े वाहन, कैंटर आदि में डालकर ड्रम को यहां लाकर फेंका गया है। टीम ने मौके से गाड़ी के टायरों के निशान भी लिए हैं।
शुक्रवार सुबह खरक गांव में नहर के पास सड़क किनारे एक प्लास्टिक ड्रम में तीन शव मिले थे। एक महिला और दो बच्चियों की हत्या कर शव के टुकड़े कर उसमें डाला गया था। तीनों के सिर नहीं थे। शनिवार दोपहर बाद शवों का पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें चिकित्सक ने बताया कि शवों से दुर्गंध न आए इसके लिए शवों में केमिकल छिड़का गया था। इससे यह भी साफ हो गया कि यह वारदात पूरी तैयारी से की गई थी। ड्रम में जिस समय शव मिले, उस समय न दुर्गंध आ रही थी और न ही खून था। पोस्टमार्टम के बाद केमिकल के अलावा यह भी बात सामने आई है कि शवों पर पानी भी डाला गया, जिससे शवों के पास खून नहीं था। पोस्टमार्टम के बाद अब शवों को पहचान के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। पुलिस ने शवों के पास एक नीले रंग का ट्रैक सूट भी बरामद किया है। जिस पर ज्योति कंपनी का मार्का है। एक आधी बाजू की पीले रंग की टी-शर्ट जिस पर गर्ल्स जस्ट वाना हैव फन लिखा है। इसके अलावा सेपस्टार कंपनी के जूते बरामद किए। पुलिस इन कंपनियों के नाम के आधार पर भी जांच कर रही है कि इनकी बिक्री कहां ज्यादा है।
पुलिस केस की हर एंगल से जांच कर रही है। प्रदेश के अन्य जिलों, राजस्थान के नजदीकी जिलों में संपर्क किया गया है। पता लगाया जा रहा है कि इस तरह एक परिवार की एक महिला और दो बच्चे कहीं लापता हो। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
गंगाराम पुनिया, पुलिस अधीक्षक
शवों को पोस्टमार्टम के बाद शव गृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दुर्गंध नहीं आने का कारण चिकित्सक ने बताया संभवत: किसी केमिकल का प्रयोग किया गया है। विसरा जांच के लिए मधुबन लैब भेजा जाएगा।- प्रेम सिंह, कार्यकारी प्रभारी, सदर थाना