भिवानी। हरियाणा पुलिस में कुक होने का रौब दिखाकर पुलिस कर्मचारियों से ही पुलिस चौकी में बदसलूकी करने का मामला सामने आया। जब पुलिस ने युवक के पास मिले पहचान पत्र की पड़ताल की तो फर्जी पाया गया और युवक की पहचान भी उजागर हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
सब्जी मंडी पुलिस के जांच अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से पुलिस चौकी में 14 मई को एक फोन आया था कि बस स्टैंड पर एक युवक एक लड़की के साथ झगड़ा कर रहा है। इस सूचना पर टीम वहां पहुंची और लड़की से झगड़ रहे युवक को लेकर पुलिस चौकी में पहुंची। इसी दौरान लड़की भी चौकी में आ गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने पाया कि मामला पैसों के लेन-देने को लेकर था। मगर लड़की ने लड़के के खिलाफ कोई भी कार्रवाई किए जाने से साफ इनकार कर दिया और वह वहां से चली गई। इसी दौरान पुलिस चौकी में पहुंचे युवक ने खुद को हरियाणा पुलिस में कुक बताते हुए पुलिस कर्मचारियों पर ही रौब झाड़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने उसके पास हरियाणा पुलिस का एक पहचान पत्र भी मिला। जिसमें उसका नाम गौरव रैंक कुक व एचएपी हिसार दर्शाया गया था। जब पुलिस ने हिसार में इस पहचान पत्र की पड़ताल कराई तो यह कार्ड फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने अपने तरीके से युवक से पूछताछ की तो उसकी पहचान मोहित गांव रोहतक के गांव भाली निवासी के रूप में हुई। जो गौरव के नाम से हरियाणा पुलिस में कुक का नकली पहचान पत्र लेकर घुम रहा था। अपनी असली पहचान छिपाकर हरियाणा पुलिस का नकली कार्ड लेकर घुम रहे युवक के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब युवक से गहन पूछताछ में जुटी है।
महम गेट से ही तैयार कराया था पुलिस का फर्जी कार्ड
सिविल लाइन पुलिस थाना प्रभारी विद्यानंद ने बताया कि गांव भाली निवासी मोहित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने भिवानी के महम चौक क्षेत्र की एक दुकान से दस-बारह दिन पहले ही हरियाणा पुलिस में कुक का फर्जी कार्ड तैयार कराया था। इस कार्ड का इस्तेमाल कर वह रोडवेज बसों में भी मुफ्त में सफर करता था। फिलहाल आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।