अवैध शराब से भरी कार पेड़ से टकराई, चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शराब भरकर गुजरात जा रहे दो युवकों की स्विफ्ट कार ओवरस्पीड के कारण असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा जुई गांव में पानी की डिग्गी के पास हुआ। मंगलवार देर रात तीन बजे हुए हादसे में चालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
सोनीपत जिले के गांव मंढोरी वासी 27 वर्षीय रोहित अपने साथी मंढोरी वासी प्रवीण के साथ स्विफ्ट कार से गुजरात जा रहा था। जुई गांव से निकलते ही पानी की डिग्गी के पास गाड़ी की रफ्तार ज्यादा होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और कार कीकर के पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक रोहित की मौके पर ही मौत हो गई और प्रवीण घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे जुई पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो उसमें अलग-अलग कंपनियों की शराब की 318 बोतलें मिली। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मृतक रोहित के ताऊ अनुज सिंह ने पुलिस को बताया कि रोहित घर पर ही था। उसके तीन दोस्तों के फोन आए और कहा कि वो सुनारिया जेल वाले रोड पर खड़े हैं। इसके बाद उसका भतीजा और प्रवीण वहां चले गए। इसके बाद दोनों को बताया कि ये शराब गुजरात में सप्लाई करनी है। आरोपी युवक भी अपनी दूसरी कार में पायलट करते हुए चल पड़े। जुई के पास कार का एक्सीडेंट हो गया। जिसमें रोहित की मौत हुई। रोहित दो भाइयों में बड़ा था और शादीशुदा था।
---
कार तेज रफ्तार के कारण पेड़ से टकराई। जिसमें रोहित की मौत हुई। गाड़ी में अवैध शराब भरी थी। जिसका मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
रामअवतार, इंचार्ज जुई चौकी