लोहारू रोड नई अनाज मंडी के समीप देर रात को घर जाने के लिए किसी साधन के इंतजार में खड़े युवक का तीन बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन व सौ रुपये की नकदी छीन ली। आरोपियों द्वारा फोन छीने जाने का विरोध किया तो इसी दौरान आरोपी उसके दस साल के चचेरे भाई को अगुवा कर साथ ले गए और दूर गंदे नाले के अंदर फेंककर फरार हो गए। मामले की शिकायत पीड़ित ने अनाज मंडी पुलिस चौकी में दी।
कैरू निवासी रवि ने बताया कि सुनील, शिवम, अभय के साथ वह रोहतक में ताऊ रमेश की पोती की शादी में गया था। गत 11 दिसंबर की रात एक बजे रोहतक से भिवानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। रेलवे स्टेशन से पैदल ही लोहारू रोड अनाज मंडी गेट के सामने चलकर गांव कैरू जाने के लिए साधन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। युवकों ने आपस में बातचीत कर उसकी जेब से जबरन उसका मोबाइल फोन व सौ रुपये की नकदी छीन ली। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी उसके दस साल के चचेरे भाई अभय को भी जबरदस्ती बाइक पर उठाकर ले गए और कुछ दूर गंदे नाले में फेंककर फरार हो गए। सुबह उसने इस मामले की शिकायत अनाज मंडी पुलिस चौकी में दी।
पुलिस के जांच अधिकारी एमएचसी बिजेंद्र ने बताया कि पुलिस ने रवि की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मोबाइल फोन स्नेचिंग सहित अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें काबू कर मामले का खुलासा किया जाएगा।