फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: अवैध गर्भपात और भ्रूण लिंग जांच पर सख्ती, दो मेडिकल स्टोर की जांच की

Fri, 12 Jun 2026 11:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
​भिवानी में भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ डिकॉय ऑपरेशन चलाते स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी। स्त्रोत: स्वा
विज्ञापन
भिवानी। जिले में भ्रूण लिंग जांच और अवैध गर्भपात पर सख्ती के साथ स्वास्थ्य विभाग ने दो मेडिकल स्टोर्स की जांच की। लिंगानुपात में सुधार, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से विभाग द्वारा डिकॉय ऑपरेशन और निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
विज्ञापन

इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मानेहरू के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. कुलवंत डाबला के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई की। टीम में डॉ. रितु फोगाट, डॉ. अमित, ब्लॉक आशा कॉर्डिनेटर सुरेन्द्र और फार्मासिस्ट कृष्ण शामिल रहे।
टीम ने क्षेत्र के दो प्रमुख मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध गर्भपात संबंधी दवाओं के स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड, डॉक्टरों के पर्चे तथा अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न की जाए और सभी रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से संधारित किए जाएं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गर्भपात क्लीनिकों, भ्रूण लिंग जांच केंद्रों और गर्भपात संबंधी दवाओं की अवैध बिक्री पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि इससे पहले भी एक कार्रवाई में अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और आगे भी इसी तरह की सख्ती जारी रहेगी।
एसएमओ डॉ. कुलवंत डाबला ने कहा कि बिना योग्य चिकित्सक की निगरानी के गर्भपात कराना महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे शारीरिक जटिलताएं बढ़ती हैं और मातृ मृत्यु का जोखिम भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य लिंगानुपात सुधारना, कन्या भ्रूण हत्या रोकना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गर्भपात, भ्रूण लिंग जांच या प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें