भिवानी। गांव कितलाना में एक घर के अंदर ही कॉस्मेटिक्स की खुली दुकान में रात के समय आभूषण और नकदी चोरी हो गई। चोरी का आरोप पड़ोस के ही तीन युवकों पर लगा है। जबकि चोरी के बाद आभूषणों के खाली पैकेट पड़ोसियों की छत पर मिले हैं। सदर पुलिस ने दुकान संचालक महिला की शिकायत पर इस संबंध में चोरी का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव कितलाना निवासी महिला प्रेम ने बताया कि उसने अपने घर के अंदर ही कॉस्मेटिक्स की दुकान की हुई है। गत 10 अप्रैल की रात को पड़ोस के ही तीन युवकों ने उनकी छत के रास्ते से दुकान के अंदर घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और 16 हजार की नकदी सहित एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। महिला का आरोप है कि पड़ोसी युवकों ने उनकी दुकान के अंदर से 10 तोले-चांदी की पाजेब, हथफुल, चुटकी व सोने की पांच ग्राम के बाले व तीन ग्राम की पतरी चोरी कर ली। वारदात के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर ही सो रहे थे। महिला ने बताया कि आभूषण चोरी के बाद छत के रास्ते से ही वापस फरार हो गए। उन्हें पड़ोसियों की छत पर आभूषणों के खाली पैकेट व पर्स मिले हैं। सदर पुलिस थाना एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर आभूषण व नकदी चोरी का केस दर्ज किया है। महिला ने तीन युवकों पर चोरी का शक जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।