फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: दिवाली पर निर्बाध बिजली के लिए निगम ने कसी कमर, फीडरों का विशेष रखरखाव शुरू

विज्ञापन
शहर में बिजली लाइन के ऊपर बिखरी टहनियों को काटते कर्मचारी।
विज्ञापन
भिवानी। दिवाली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने ग्रामीण और शहरी फीडरों पर विशेष रखरखाव अभियान शुरू किया है। फीडर प्रभारियों की अगुवाई में सर्कल के सभी फीडरों की तकनीकी खामियां दूर करने का लक्ष्य एक पखवाड़े में पूरा करने का रखा गया है।
विज्ञापन

खराब बिजली केबल, ट्रांसफार्मरों में तेल की कमी और अन्य तकनीकी खामियों के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने और लाइनें बंद होने की समस्याएं सामने आ रही हैं। त्योहार पर ऐसी दिक्कतें न आएं इसके लिए लाइनों और उपकरणों की जांच कर कमियां दूर की जा रही हैं। रखरखाव के दौरान फीडर प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में खामियों की पहचान कर उन्हें ठीक करवाएंगे।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भिवानी सर्कल में 4, 71,687 बिजली उपभोक्ता हैं। जिले के 312 गांवों में अधिकांश को जगमग योजना में शामिल किया जा चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी तर्ज पर बिजली सुविधा देने के लिए लाइनों का आधुनिकीकरण भी किया गया है। इसके बावजूद लाइन में खराबी आने से आपूर्ति बाधित होती है। इसी को देखते हुए निगम ने फीडरों की व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान चलाया है।
विज्ञापन


जरूरत के अनुसार स्टोर से सामान ले सकेंगे फीडर प्रभारी
रखरखाव अभियान के दौरान फीडर प्रभारी जरूरत के अनुसार निगम के स्टोर से सामान ले सकेंगे। 11 केवी लाइनों के रास्ते में आने वाली पेड़ों की टहनियां हटाई जा रही हैं और लाइनों के जंपर दुरुस्त किए जा रहे हैं ताकि अचानक भार बढ़ने पर खराबी न आए। दिवाली पर बिजली की खपत बढ़ने से फीडरों पर अतिरिक्त भार पड़ता है। ट्रांसफार्मरों के अधिक गर्म होने की आशंका को देखते हुए उनमें तेल की कमी भी पूरी की जाएगी।

उपकेंद्रों पर निगरानी, खराबी की सूचना मिलते ही पहुंचेगी टीम
निगम के 33 केवी बिजली उपकेंद्रों पर भी फीडरों की निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात रहेंगे। किसी 11 केवी फीडर की लाइन बंद होने पर संबंधित फीडर प्रभारी को तुरंत सूचना दी जाएगी। इसके बाद फील्ड कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खराबी का पता लगाएंगे और उसे दुरुस्त करेंगे। उपकेंद्रों से जुड़ी फीडर लाइनों की निगरानी के लिए भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

प्रत्येक शिफ्ट में दो कर्मचारी तैनात रहेंगे
त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए निगम कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। फील्ड कर्मचारियों की चौबीसों घंटे शिफ्ट लगाई जाएगी और प्रत्येक शिफ्ट में दो कर्मचारी तैनात रहेंगे। हर टीम को निर्धारित क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाएगी जहां वे लगातार निगरानी कर बिजली संबंधी खराबियों को ठीक करेंगे। जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए सर्कल कार्यालय में हाइड्रोलिक मशीन भी उपलब्ध रहेगी।


भिवानी सर्कल की सभी 17 उपमंडल इकाइयों में ग्रामीण और शहरी फीडरों का विशेष रखरखाव किया जा रहा है। यह काम दिवाली से पहले पूरा कर लिया जाएगा। सभी फीडर प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लाइनों की छोटी-बड़ी कमियां दूर करवाएं, ताकि त्योहार पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। दिवाली पर फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द रहेंगी और वे चौबीसों घंटे शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। - जितेंद्र ढुल, अधीक्षण अभियंता, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें