कोरोना वायरस लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। भिवानी जिले में कोरोना की वजह से 20वीं मौत हो गई। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पास सूचना पहुंची तो मृतक के परिजनों की जांच के लिए टीमें पहुंची। मृतक विकास नगर कॉलोनी का 47 वषीय एक व्यक्ति बताया जा रहा है।
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार विकास नगर कॉलोनी निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति की नौ सितंबर को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे सांस लेने में दिक्कत और पिछले पांच दिनों से बुखार आ रहा था। भिवानी से अनिल को चिकित्सकों ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया था। जहां उपचार के दौरान उसने 11 सितंबर को दम तोड़ दिया। जिसकी सूचना स्वास्थ्य अधिकारियों को भेजी गई। इस सूचना के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम मृतक के परिजनों की जांच के लिए पहुंची। जिले में कोरोना की वजह से ये 20वीं मौत हो गई है।
कोविड-19 समन्वयक डॉ. राजेश ने बताया कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें और सामुदायिक दूरी और मुंह पर मास्क लगाने के साथ साथ जारी की गई सभी हिदायतों का गंभीरता से पालन करें।
शनिवार को आए कोरोना के 59 नए मामले, 51 लोग हुए ठीक
शनिवार को कोरोना के 59 मामले सामने आए हैं। जिसमें 41 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं 18 नए मामले रैपिड टेस्ट में सामने आए हैं। इनमें हांसी गेट से एक, एक भारत नगर, एक कायला, एक एसडीएम कार्यालय भिवानी, चार केस शांति नगर, दस केस डीसी कॉलोनी, एक केस गुजरानी, पांच केस केनरा बैंक, कैरू से एक, एक सेक्टर 23, चिरंजीव कॉलोनी से एक, तीन केस सेक्टर 13 से, एक केस हालु बाजार, एक केस गोशाला मार्केट, एक केस जिला सामान्य अस्पताल, दो केस तालु, एक केस बिचला बाजार, एक केस ढिगावा, एक केस विकास नगर, एक केस निगाना खुर्द, एक केस चहड़कलां, एक केस सरकारी स्कूल हालुवास से सामने आया है।
अब तक जिले में कुल 1951 कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, इनमें से 1595 ठीक हो चुके हैं। वहीं 320 एक्टिव केस हैं। खबर लिखे जाने तक शनिवार को जिले से 550 सैंपल लिए जा चुके हैं। 51 कोरोना पॉजिटिव ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोरोना पॉजिटिव केसों में हिस्ट्री खंगालने में जुटे हैं। वहीं पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों के परिजनों को भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र कादियान ने कहा कि कोरोना के मामले लगातार गंभीर होते जा रहे हैं, इसलिए लोग अपनी सुरक्षा के लिए जारी हिदायतों का पालन करें और मुंह पर मास्क लगाने के साथ साथ सामुदायिक दूरी भी बनाए रखें।