लोगों की थर्मल स्क्रींनिग करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में सोमवार को दम तोड़ने वाले बीएसएफ जवान की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बीएसएफ जवान के आसपास के 255 घरों के 1194 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम सांसद धर्मबीर सिंह के आवास पर भी पहुंची और उनके परिजनों व अन्य करीब 15 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। गौर हो कि विद्यानगर वासी बीएसएफ जवान दिल्ली में कार्यरत था। सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादयान ने बताया कि विद्या नगर निवासी बीएसएफ जवान की रिपोर्ट निगेटिव रही है। यह जवान भिवानी में अपने घर 19 अप्रैल को आया था और 28 अप्रैल को वापस दिल्ली गया था। सूचना के अनुसार जवान की तीन मई को दोपहर बाद तबीयत खराब होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हुआ, जिसकी चार मई को मौत हो गई थी।
पांच टीमों ने जांचा 1194 लोगों का स्वास्थ्य
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर जवान की पत्नी व दो बच्चों के रैपिड टेस्ट करवाए। उनकी रिपोर्ट निगेटिव रही। सिविल सर्जन ने बताया कि सावधानी के तौर पर अर्बन नोडल ऑफिसर डॉ. देवेंद्र के नेतृत्व में अर्बन के स्टाफ की ड्यूटी लगाकर पांच टीमें बनाई गई। टीम में डॉ. मंजीत, फार्मासिस्ट संजीव, एएनएम रेखा, पुष्पा, हेमलता, दर्शना, अर्बन आशा, एरिया की आंगनबाड़ी वर्कर की ड्यूटी लगाई गई। टीम ने 255 घरों में रहने वाले 1194 व्यक्तियों की जांच की।
39 लोगों के सैंपल लिए, छह के भेजे पीजीआई
सिविल सर्जन डॉ. जितेन्द्र कादयान ने बताया कि मंगलवार को विभाग ने 39 सैंपल लिए, जिसमें से छह सैंपल रोहतक भेजे गए और 33 के रैपिड किट से टेस्ट किए गए जो निगेटिव रहे। वहीं 18 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है। सिविल सर्जन ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में चार लोगों को रखा गया है। बाकी को होम क्वारंटीन कर दिया है। अब तक 902 व्यक्तियों के सैंपल जांच के लिए लिये जा चुके हैं।
विद्यानगर में घरों की स्क्रीनिंग करवाने का उद्देश्य यह था कि कहीं किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण हैं तो उनको तुरंत आइसोलेशन वार्ड में रखकर इसको आगे फैलने से रोक सकें। राहत यह है कि किसी भी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण नहीं मिले। - डॉ. राजेश कुमार, जिला को-ऑर्डिनेटर