जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम को लेकर मृतक के परिजनों और नोडल अधिकारी के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मृतक के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और पुलिस चौकी में शिकायत दी। वहीं शवगृह के नोडल अधिकारी ने भी मृतक के परिजनों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
बुधवार दोपहर को गांव निमड़ी वाली निवासी एक व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस नागरिक अस्पताल में पहुंची थी। वहीं मृतक के परिजनों ने शवगृह के नोडल अधिकारी से पोस्टमार्टम कराने को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच मृतक के परिजन ने नोडल अधिकारी पर धक्के मारकर बाहर निकालने का आरोप लगाया। वहीं नोडल अधिकारी डॉ. गाेपाल शर्मा ने भी मृतक के परिजनों पर दिल्ली पुलिस में अधिकारी बताकर उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो शव का पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं मृतक के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस चौकी और स्वास्थ्य अधिकारियों को भी लिखित शिकायत दी। डॉ. गोपाल का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया है। वह परिजनों को पुलिस द्वारा कागजात पूरे किए जाने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने की बात कह रहे थे।