लोहारू। शहर में बरसाती पानी की निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में नगर पालिका ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुराने शहर स्थित मस्जिद से लेकर माता चौक होते हुए राजेराम सैनी के घर तक बरसाती पानी निकासी नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 19.91 लाख रुपये की लागत आएगी।
नगर पालिका लोहारू के प्रधान प्रदीप बंटी तायल ने विधिवत नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपप्रधान प्रतिनिधि विपिन सैनी, पार्षद राजेश सैनी, अजय शर्मा, अशोक सैनी, महेश गांधी, रामोतार शर्मा, संतलाल सहित अनेक पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान प्रदीप बंटी तायल ने कहा कि बरसात के दिनों में पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण शहरवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस नाले के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल हमेशा लोहारू शहर के विकास के लिए प्रयासरत रहते हैं और उनके सहयोग से विकास कार्यों को गति मिल रही है। प्रधान बंटी तायल ने बताया कि लोहारू शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार जारी हैं तथा कई नए विकास कार्यों के लिए टेंडर भी जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। नगर पालिका आमजन की समस्याओं के समाधान और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।