भिवानी। गांव धनाना निवासी हैंडबॉल कोच स्व. कुलजीत सिंह सिप्पा की तीसरी पुण्यतिथि पर शनिवार को गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने गांव धनाना में जल्द ही 33 केवी के बिजलीघर का निर्माण कार्य शुरू कराए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान बिजली मंत्री ने दिवगंत सैनिक एवं कोच रहे कुलजीत सिंह सिप्पा की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कोच की माता राजदे और पत्नी संतोष देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि धन्य ऐसी माता, जिन्होंने ऐसे होनहार खिलाड़ी को जन्म दिया, जिन्होंने सैकड़ों युवा खिलाड़ी तैयार किए। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल के परिवार का धनाना, तालू और मुंढाल क्षेत्र के साथ वर्षों से गहरा नाता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्रीय दलों का वजूद समाप्त होता जा रहा है, जिनमें पंजाब का अकाली दल सबसे बड़ा व नजदीकी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भाजपा को देश की जनता ने स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विश्व में फिर से एक नई पहचान मिली है।
बिजली मंत्री ने गांव की गोशाला के लिए तीन लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की। ग्रामीणों की मांग पर बिजली मंत्री ने कहा कि हैंडबाल के खेल मैदान में लाइटें लगवाने का काम कराया जाएगा। इसके अलावा इस खेल मैदान में ट्रांसफार्मर भी लगवाया जाएगा।
गांव की तरफ से प्रधान प्रेम कुमार ने बिजली मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान दादू पंथ से स्वामी सतराम, दलीप चेयरमैन, घणघस खाप प्रधान प्रेम कुमार, नीटू सरपंच, रामकेश पेटवाड़, आजाद वाल्मीकि, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विनोद चावला, संजय व सुल्तान सिंह मांढी, कृष्ण प्रधान, सरपंच प्रेम व रमेश कुमार, वेद प्रकाश घणघस, वजीर सिंह, शीलू, ताराचंद, राजपाल घणघस, मुख्तयार नाई मुंढाल, सुशील शर्मा, मास्टर पाला राम, राज सिंह, कप्तान सतबीर सिंह, हरिओम हिसार, धर्मपाल, संदीप सिहाग, वजीर ढोला, भूरू डिपो होल्डर आदि मौजूद थे।
बिजली निगम को घाटे से उबारा
बिजली मंत्री ने कहा कि बिजली निगम को घाटे से उबारा है। आज मौजूदा समय में लोगों को निश्चित तौर पर बिजली कटों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन यह केवल सप्ताह भर की समस्या है। इसके बाद प्रदेश में बिजली समस्या से निजात मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि खेतों में नलकूप के लिए बिना कट के पांच घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रात के समय लोड बढ़ने के कारण बिजली के कट लगाने पड़ते हैं। पिछले दो साल में कोरोना काल के दौरान प्रदेश के 6304 गांवों में से 5600 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति प्रदान की है, इस दौरान प्रदेश के उद्योग बंद रहे हैं। हालांकि अब दिल्ली की आबादी भी फरीदाबाद, गुरुग्राम, बहादुरगढ़ व सोनीपत आदि क्षेत्र में आ रही है, जिससे प्रदेश में बिजली की खपत बढ़ गई है।