लोहारू में वाल्मीकि चौक से रानी सती मंदिर तक शुरू हुआ रोड निर्माण कार्य।
लोहारू। शहर के वाल्मीकि चौक से रानी सती मंदिर तक लंबे समय से रुका हुआ सीसी सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सड़क को पहले निर्माण के लिए तोड़ा गया था लेकिन कार्य बीच में रुक जाने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब कार्य शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस मुद्दे को स्थानीय निवासियों और मीडिया द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगरपालिका प्रशासन सक्रिय हुआ। नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आमजन की सुविधा को प्राथमिकता दी और संबंधित अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर कार्य की रूपरेखा तैयार की।
यह मामला लंबे समय से विवादित बना हुआ था जिसे प्रशासनिक अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की आपसी समझाइश से सुलझा लिया गया। इसके बाद बुलडोजर की सहायता से पुरानी सड़क को तोड़कर नई सीसी सड़क के निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत कर दी गई। इस कार्य का शुभारंभ नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर द्वारा किया गया।
इस मौके पर प्रधान प्रदीप बंटी तायल, जेई कृष्ण सैनी, बीआई राकेश श्योराण, पार्षद राजेश सैनी, अजय शर्मा और महेश गांधी मौजूद रहे।
नगरपालिका के अनुसार इस सड़क निर्माण कार्य पर लगभग 13 लाख 90 हजार रुपये की लागत आएगी और इसका कुल क्षेत्रफल करीब 14,800 वर्ग फुट है। नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से अधूरी पड़ी थी जिससे लोगों को भारी असुविधा हो रही थी। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।