भिवानी। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के भिवानी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में फसल अवशेष प्रबंधन पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया।
प्रशिक्षण में फूलपुरा, सिपर, बलियाली, प्रेमनगर, सिपर, खरक कलां, तिगड़ाना, नाथुवास, जुई, सुरपुरा, मिताथल, धनाना, धारेरू, नांगल, सूई गांव के 50 किसानों ने भाग लिया। गेहूं की बिजाई के समय पराली जलाने की समस्या देखी जाती है। इस समस्या से निजात पाने और किसानों को जागरूक करने के लिए प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
पराली जलाने से पर्यावरण में प्रदूषण बढ़ने के साथ जमीन में स्थापित मित्र किट भी नष्ट होते हैं। किसान सरकार द्वारा अनुदान पर दी जाने वाली मशीनें जैसे सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्मार्ट सीडर, सरफेस सीडर, जीरो टिलेज मशीन, मल्चर, चॉपर तथा रोटावेटर द्वारा फसल अवशेषों का यथा स्थान प्रबंधन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण का संचालन डॉ. मीनू जिला विस्तार विशेषज्ञ कीट विज्ञान तथा डॉ. करिश्मा नंदा जिला विस्तार विशेषज्ञ वानिकी ने किया तथा व्याख्यान के लिए विभिन्न विशेषज्ञों को बुलाया गया। इस अवसर पर डॉ. आरएस ढिल्लन, डॉ. गुलाब सिंह, डा. मुरारी लाल, डॉ. ममता फोगाट, डॉ. देवीलाल, डॉ. आनंद प्रकाश मौजूद रहे।