भिवानी। सिविल सर्जन ने शनिवार को नागरिक अस्पताल के विभिन्न भवनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर कर्मचारियों पर फटकार भी लगाई। अस्पताल के आपातकालीन विभाग और ओपीडी में अव्यवस्था मिली, जिसके कारण मरीजों को भी उपचार सेवाएं प्राप्त करने में दिक्कत हो रही थी। वहीं, अस्पताल परिसर में ठप पड़ी सीवर से दूषित पानी ओवरफ्लो हो रहा है, जिसमें मच्छर पनप रहे हैं। इसको लेकर भी ठप सीवर ठीक करवाने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने शनिवार सुबह 10 से 11 बजे तक नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने आपातकालीन विभाग के पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण किया, जहां फाइल व अन्य सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद मरहम-पट्टी कक्ष में बेड, चद्दर और दवा टेबल पर व्यवस्थित नहीं मिले। इनको लेकर उन्होंने कर्मचारियों पर फटकार लगाई। आपातकालीन विभाग और ओपीडी में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी। नागरिक अस्पताल में आपातकालीन विभाग के सामने, आयुष विभाग के भवन के नजदीक और पोस्टमार्टम कक्ष के नजदीक सीवर लंबे समय से ठप है। इनमें से दूषित पानी ओवरफ्लो हो रहा है। यह मामला संज्ञान में आने पर उन्होंने सीवर का ठीक करवाने के निर्देश दिए।
जीर्णोद्धार के कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
नागरिक अस्पताल परिसर में जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, जिसमें छतों की फाल्स सिलिंग, रंग-पेंट, इलेक्ट्रॉनिक कार्य, पानी के प्रबंध किए जाएंगे। इसको लेकर उन्होंने कार्य में तेजी लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
एंबुलेंस, स्टाफ और तीमारदारों की अलग-अलग जगह होंगी पार्किंग
अस्पताल में मरीजों को लेकर आने और पीजीआई रोहतक लेकर जाने के लिए एंबुलेंस की सुविधा है। एंबुलेंस को आयुष विभाग की साथ लगती जगह तक पार्क किया जाएगा। जबकि स्टाफ की गाड़ियों को ओपीडी व ब्लड बैंक की साथ लगती जगह पर पार्क किया जाएगा। इसके अलावा मरीज व उनके तीमारदारों के वाहनों को वार्ड भवन के साथ लगती जगह पर पार्किंग की जाएगी, ताकि आपातकालीन स्थिति में वाहन कोई रुकावट न बनें। अस्पताल परिसर में पार्किंग के लिए दोनों गेटों पर दो-दो कर्मचारी भी तैनात किए हैं।
अस्पताल के आपातकालीन विभाग, ओपीडी भवन सहित परिसर का निरीक्षण किया। इसमें पार्किंग, कर्मचारियों की ड्यूटी और अव्यवस्थित सामान का ठीक से रख-रखाव करने के निर्देश दिए है। साथ ही कर्मचारियों को निष्ठाभाव व अनुशासित ढंग से ड्यूटी करने के बारे में भी कहा है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।