भिवानी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम के साथ वीरवार दोपहर बाद शहर में एक घर व दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 2650 किलोग्राम देसी घी बरामद किया। टीम ने तीनों ही प्रतिष्ठानों के अंदर मिले घी के सैंपल भी जांच के लिए एकत्रित किए, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। संयुक्त टीम की कार्रवाई से दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। प्रारंभिक पड़ताल में यह उजागर हुआ है कि फतेहाबाद व उचाना से घी लाकर खुले में यहां बेचा जाता था। साथ ही जांच में फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट भी नहीं मिला। सीएम उड़नदस्ता रोहतक के सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह की अगुवाई में खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी डॉ. अरवींद्रजीत के साथ संयुक्त रूप से कृष्णा कॉलोनी के गांधी नगर स्थित एक मकान के अंदर देसी घी की बड़ी खेप बरामद की। टीम ने घर के अंदर करीब 28 प्लास्टिक कैन के अंदर 1095 किलोग्राम देसी घी बरामद किया। टीम ने मकान मालिक ओमप्रकाश से भी पूछताछ की और फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट मांगा। इस पर मकान मालिक देसी घी का भंडारण करने वाला कोई सर्टिफिकेट नहीं दिखा पाया। टीम ने वहां प्लास्टिक कैन के अंदर रखे घी की जांच की और सैंपल भी एकत्रित किए। ओमप्रकाश से पूछताछ के बाद पता चला कि यह घी शहर की पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र की दुकानों से यहां लाया जाता था।
इसके बाद टीम ने यहां से सैंपल लेने के बाद शहर की पुरानी अनाज मंडी का रुख किया, जहां एक विष्णु नामक व्यक्ति के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की गई। यहां पर भी संयुक्त टीम को करीब 1100 किलोग्राम देसी घी बरामद हुआ। इसी तरह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने जैन चौक से हालु बाजार की तरफ जाने वाले मार्ग पर पवन नामक व्यक्ति के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। जो घी के साथ-साथ डिस्पोजल और क्रॉकरी का भी काम कर रहा था। यहां से भी संयुक्त टीम को 450 किलोग्राम देसी घी बरामद हुआ। तीनों ही प्रतिष्ठानों का आपस में जुड़ाव बताया जा रहा है। इन प्रतिष्ठानों पर फतेहाबाद और उचाना से खुला घी लाया जाता था, जिसे यहां पर खुले में बेचा जाता था। इस दौरान टीम को यहां पर घी की पैकिंग व लेबलिंग से संबंधित कोई भी सामान नहीं मिला। हालांकि जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनका कहना था कि वे दुग्ध डेयरियों से अतिरिक्त क्रीम से तैयार घी यहां लाकर रखते हैं, जिसे बिक्री किया जा रहा है। देसी घी में किसी तरह की कोई मिलावट नहीं है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम में इंस्पेक्टर आजाद सिंह, सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार, थानेदार महेंद्र, बजरंगलाल, उमेद कुमार, चालक अशोक कुमार सहित खाद्य एवं औषधि विभाग से सहायक राजकिशोर, मनींद्र सिंह मौजूद थे।
वर्जन-
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। इस दौरान प्रतिष्ठानों से घी के सैंपल लिए हैं। किसी भी खाद्य सामग्री की बिक्री के लिए फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य हैं, लेकिन जांच में ऐसा कोई सर्टिफिकेट नहीं दिखाया गया। लैब में जांच में अगर सैंपल फेल आते हैं तो फिर संबंधित नियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. अरवींद्रजीत, जिला खाद्य एवं औषधि नियंत्रक भिवानी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के समक्ष शिकायत मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई है। एक घर और दो प्रतिष्ठानों से करीब 2650 किलोग्राम देसी घी बरामद हुआ है। इस घी के सैंपल जांच के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों ने लैब में भेजे हैं, रिपोर्ट आने पर ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- राजबीर सिंह, सब इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक।