सरकारी विभागों की लचर कार्यप्रणाली और समय पर जनशिकायतों का निवारण नहीं होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम नेभिवानी में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ सरकारी विभागों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छापा मारा।
इस दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने बिजली निगम और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी कार्यालयों में आई जन शिकायतों की भी जांच की और उनके निवारण के संबंध में भी जानकारी जुटाई। वहीं, दोनों ही कार्यालयों में 69 कर्मचारियों में से शहरी पेयजल शाखा के कार्यकारी अभियंता सहित 19 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम में जिला गुप्तचर विभाग के इंचार्ज सुनील कुमार के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट जिला सांख्यिकी अधिकारी शिवतेज सिंह की अगुवाई में टीम ने बिजली निगम के अर्ध शहरी डिविजन कार्यालय में पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति जांची।
बिजली निगम कार्यालय में 21 में से सात कर्मचारी अपनी सीट से गायब मिले। इन कर्मचारियों ने न तो छुट्टी का कोई आवेदन दिया था न ही कोई सूचना दी। इसी तरह निगम कार्यालय में कर्मचारियों की ऑनलाइन हाजिरी लगाने वाली बॉयोमेट्रिक मशीन भी खराब पड़ी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के शहरी पेयजल शाखा डिविजन नंबर एक और शहरी सीवरेज शाखा डिविजन नंबर दो कार्यालय में पहुंची।
डिविजन नंबर एक में शहरी पेयजल के कार्यकारी अभियंता गैरहाजिर मिले। उनकी ब्रांच में 25 कर्मचारियों में से कार्यकारी अभियंता सहित पांच सीट से नदारद थे। इसी तरह डिविजन नंबर दो में 23 कर्मचारियों में से सात कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए।
मुख्यमंत्री के जनसंवाद में भी दी थी लोगों ने शिकायतें
मुख्यमंत्री ने भिवानी में तीन दिनों तक जनसंवाद किया था। इस दौरान लोगों ने उन्हें शिकायत सौंपी थी कि सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी नहीं मिलते हैं वे शिकायत लेकर जाते हैं तो उनकी शिकायतें तक नहीं ली जाती हैं। जो शिकायत दर्ज हो जाती है, उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। जन शिकायतों के निपटान के संबंध में भी मुख्यमंत्री ने कार्यालय में जांच की, जिसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजी जाएगी।
हमने बिजली निगम कार्यालय में 21 में से सात कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इसी तरह जनस्वास्थ्य डिविजन एक में 23 कर्मचारियों में से सात कर्मचारी नहीं मिले। इसी तरह डिविजन दो में 25 कर्मचारियों में से पांच कर्मचारी गैरहाजिर थे। इसी तरह पांच कर्मचारी छुट्टी देकर गए थे, जिनकी भी जांच कराई जा रही है।
-शिवतेज सिंह ड्यूटी मजिस्ट्रेट जिला सांख्यिकी अधिकारी भिवानी।