सीएम के सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली गई पोस्ट।
बवानीखेड़ा(भिवानी)। शनिवार शाम प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सीधे फोन पर आमजन से संवाद कर रहे थे। इस दौरान गांव किरावड़ निवासी राहुल ने मुख्यमंत्री के समक्ष सुंदर ब्रांच नहर में पानी नहीं आने और विभाग के एक्सईएन जितेन्द्र मान द्वारा धमकी दिए जाने की बात कही। राहुल ने बताया कि वह विभाग के एक्सईएन के खिलाफ सीएम विंडो भी लगा चुके हैं लेकिन इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एसीएस देवेन्द्र सिंह को लाइन पर लिया और एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए और एक्सईएन को 15 की कंपल्सरी लीव पर भेज दिया है।
-
ये है मामला
जून माह में किरावड़ निवासी राहुल की एक्सईएन से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। राहुल ने आरोप लगाया है कि एक्सईएन ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी। इसपर राहुल के साथ गांव किरावड़ व बोहल के किसानों ने डीसी और एसडीएम को ऑडियो रिकोर्डिंग की सीडी और लिखित शिकायत दी थी। जिसपर एसडीएम तोशाम को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था लेकिन राहुल का आरोप है कि इसके बावजूद एक्सईएन जितेन्द्र मान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे थक-हार कर उन्होंने सीएम विंडो के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी। लेकिन उस पर विभाग के जेई और कार्यकारी अभियंता द्वारा सीएम विंडो उठवाने के लिए जल संघर्ष समिति सदस्यों पर दबाव बनाया गया और उन्हें जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
-
किसानों ने एकजुट होकर की थी जेई और एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जल संघर्ष समिति सदस्यों व ग्राम पंचायत किरावड़ ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन व जेई पर भ्रष्टाचार और भेदभाव के आरोप लगाए थे। इसके साथ ही किसान नेताओं का आरोप था कि सिंचाई विभाग के अधिकारी उन्हें सीएम विंडो की शिकायत उठाने का दबाव बनाने सहित जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। इतना ही नहीं नहर पर काम कर रहे मजदूरों की पेमेंट रोकने की धमकी भी दी जा रही है। इसपर किसानों ने डीसी नरेश नरवाल और एसई प्रदीप यादव से मुलाकात की थी ।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी धमकी भरी ऑडियो
किसान राहुल को एक्सईएन द्वारा धमकी की दिए जाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसपर कहा गया था कि सिंचाई विभाग के एक्सईएन जितेन्द्र मान ने कथित तौर पर किसान राहुल से अभद्रता की है और धमकी दी है।
-
फोन पर जनसंवाद के माध्यम से मेरी माननीय मुख्यमंत्री से बात हुई थी। मैंने सुंदर ब्रांच नहर में पानी नहीं आने और विभाग के एक्सईएन के द्वारा धमकी देने और सीएम विंडो पर कोई कार्रवाई नहीं होने की बात मुख्यमंत्री जी को बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने एसीएस देवेन्द्र सिंह को तुरंत लाइन पर लेकर एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। हम सब किसान पिछले कई महीनों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे थे लेकिन अब तक विभाग के द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। मैं मुख्यमंत्री का इस मामले पर संज्ञान लेने और सुंदर ब्रांच नहर में पानी की समस्या को दूर करने के आश्वासन के लिए धन्यवाद करता हूं।
-राहुल, गांव किरावड़ निवासी किसान