भिवानी। रेलवे की तरफ से महाकुंभ पर ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इसके चलते भिवानी जंक्शन से प्रयागराज को जाने वाली ट्रेन के संचालन मार्ग में बदलाव किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार ट्रेन संख्या 14118 भिवानी-प्रयागराज एक्सप्रेस रेल सेवा 27 जनवरी से 3 फरवरी तक भिवानी से प्रस्थान करेगी। यह रेल सेवा प्रयागराज के स्थान पर कानपुर सेंट्रल तक ही संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 14117 प्रयागराज-भिवानी एक्सप्रेस रेल सेवा 28 जनवरी से 4 फरवरी तक प्रयागराज के स्थान पर कानपुर सेंट्रल से भिवानी के लिए संचालित होगी।
यातायात सुरक्षा के लिए पुलिस ने चलाया जांच अभियान
बवानीखेड़ा। पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार बवानीखेड़ा में डायल 112 टीम ने नियमित वाहन जांच अभियान चलाया। इसमें टू व्हीलर और बड़े वाहनों की जांच की गई। डायल 112 इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार नियमित वाहन चेकिंग की जा रही है। इसमें वाहन नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों पर सख्ती कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। ताकि यातायात सुरक्षा और सतर्कता बनी रह सकें।