लोहारू के सरकारी अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा को सम्मानित करते सीएमओ डॉ. रघुवीर शा
लोहारू। नगर और आसपास के इलाके की गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के लिए चिंतित होने की जरूरत नहीं है। लोहारू के सरकारी अस्पताल में मंगलवार से सिजेरियन प्रसव के साथ एफआरयू की सुविधा शुरू की गई है।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने यहां ओटी और एफआरयू का शुभारंभ किया। इसका लाभ गर्भवतियों को मिलेगा और एफआरयू से आपात स्थिति में रक्त की जरूरत पूरी होगी।
शुभारंभ के मौके पर पहला सिजेरियन प्रसव किया गया। इसका पूरा खर्चा विभाग वहन करेगा। सीएमओ ने गांव बुढ़ेड़ा निवासी जच्चा सीमा और उनके शिशु का हालचाल जाना और इस सुविधा के लिए सीमा समेत उसके परिजनों को बधाई देकर बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र भी सौंपा।
सिविल सर्जन डॉ. शांडिल्य ने बताया कि सुरक्षित प्रसव के लिए इस अस्पताल में गाइनाकॉलोजिस्ट डॉ. विकास, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र और एनेस्थेटिक डॉ. संतोष को तैनात किया गया है।
सीएमओ ने अस्पताल परिसर के साथ निर्माणाधीन ब्लॉक हेल्थ यूनिट भी अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को बेहतर गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सिजेरियन प्रसव के लिए गर्भवतियों को पिलानी, चिड़ावा, झुंझुनू, भिवानी, हिसार, रोहतक तक जाना पड़ता था। इस खर्च को उठाना गरीब परिवारों के लिए भारी पड़ता था