भिवानी चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार,
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) में सोमवार को वन नेशन वन इलेक्शन विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार, सामाजिक चिंतक वीरेंद्र कौशिक, दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व वर्तमान नेशनल यूथ आइकॉन अक्षित दहिया, जिला अध्यक्ष बॉक्सिंग फेडरेशन राहुल शर्मा मुंढाल और दिल्ली विश्वविद्यालय से डॉ. अंकित सांगवान ने शिरकत की।
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो भावना शर्मा, डीन डॉ. जितेंद्र भारद्वाज और डॉ. प्रमोद मालिक भी मौजूद रहे। बतौर वक्ता डॉ. अंकित सांगवान ने कहा कि राष्ट्र को विकसित बनाने के लिए चुनावों के अत्यधिक खर्च को सीमित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “एक राष्ट्र-एक चुनाव” देश हित में एक महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय पहल है। सामाजिक चिंतक वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि इस प्रणाली से समय और आर्थिक संसाधनों की बड़ी बचत होगी। कार्यक्रम का संचालन एलुमिनी छात्र सूर्यप्रताप ने किया। इस अवसर पर राहुल वर्मा, रोहित बूरा, सचिन शेखावत, ललित और रवि भारद्वाज उपस्थित रहे।
सीबीएलयू में राजनीतिक कार्यक्रम पर इनसो ने जताया रोष
भिवानी। वहीं इनसो ने सीबीएलयू में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर विश्वविद्यालय प्रशासन पर पक्षपात और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। छात्र नेता जयदीप ग्रेवाल और नितिन सैन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों का उद्देश्य निष्पक्ष शिक्षा और स्वतंत्र विचार को बढ़ावा देना होना चाहिए। उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रम केवल अनैतिक और असंवैधानिक ही नहीं हैं बल्कि शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाते हैं।