बहल। थाना बहल क्षेत्र के गांव ओबरा में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत ओबरा गांव निवासी बलवान सिंह शनिवार को अपनी पत्नी शर्मिला के साथ सालासर मंदिर गए थे। रविवार शाम करीब पांच बजे जब वे घर लौटे तो मकान का मुख्य गेट टूटा हुआ मिला।
अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले और अलमारी का ताला भी टूट चुका था। बलवान सिंह ने बताया कि अलमारी से करीब पांच लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठियां, झुमर, बाली, मंगलसूत्र, चैन, हार, नथ व अन्य जेवर, साथ ही चांदी की पाजेब, कड़े, सिक्के और अंगूठियां शामिल हैं। चोर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। बहल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।