तोशाम। वन राजिक अधिकारी तोशाम ने हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम खानक व मेसर्स धनसर इंजीनियरिंग कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड पर वन क्षेत्र के अंतर्गत एरिया में अवैध रूप से रास्ता बनाए जाने की पुलिस को शिकायत दी।
वन अधिकारी का आरोप है कि वन विभाग की टीम रास्ता बंद करने मौके पर पंहुची तो कार्रवाई बाधित करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। वन राजिक अधिकारी ने कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ झगड़ा करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने वन अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में वन राजिक अधिकारी बजरंग ने आरोप लगाया है कि हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम खानक व मेसर्स धनसर इंजीनियरिंग कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा हिसार-तोशाम सड़क मार्ग के साथ लगते अधिसूचित वन क्षेत्र को अवैध रूप से रास्ते के रूप में प्रयोग किया गया है।
शिकायत में बताया गया कि खानक स्थित खनन क्षेत्र में खनन के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम खानक द्वारा मेसर्स धनसर इंजीनियरिंग कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड को लीज पर दिया हुआ है।
खनन एरिया में गाड़ियों के आने जाने के लिए हिसार से तोशाम सड़क की अधिसूचित वन पट्टी व उसके साथ लगती 38 कनाल 5 मरला अधिसूचित वन भूमि में अवैध रूप से रास्ता बनाकर भारतीय वन अधिनियम 1927 व वन संरक्षण अधिनियम 1980, वन संरक्षण एवं संवर्धन नियम 2023 का उल्लंघन किया गया है।
वन राजिक अधिकारी ने शिकायत में बताया है कि 16 मई को सुबह करीबन 7 बजे पूरे स्टाफ के साथ मौके पर जेसीबी मशीन लेकर अधिसूचित वन भूमि में अवैध रूप से बनाए हुए रास्ते को बंद करने के लिए खाई की खोदाई की जा रही थी।
उस दौरान हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम खानक व धनसर इंजीनियरिंग कम्पनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भेजे गए लोगों द्वारा खाई नहीं खोदने दी गई व सरकारी कार्य को सुचारु रूप से करने में बाधा उत्पन्न की गई।
साथ ही सरकारी कर्मचारियों के साथ झगड़ा करने पर भी उतारू हो गए। मौके पर डायल 112 को बुलाया गया था। वन अधिकारी ने हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम खानक व धनसर इंजीनियरिंग कम्पनी तथा उनके द्वारा भेजे गए लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके सख्त से सख्त कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सब इंस्पेक्टर उमेद सिंह ने बताया कि वन राजिक अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।